विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : 2 प्रतिशत दाखिल खारिज शुल्क का समाधान करने से प्रफल्लित हुए क्षेत्र के बिल्डरों और प्रोपर्टी डीलरों ने नगर निगम पहुंचकर मेयर दीपक बाली को फूल मालाएं पहनाकर उनका शानदार स्वागत किया। मेयर के स्वागत का यह अनोखा दृश्य उस जन विश्वास को दर्शाता है कि जनता और व्यापारियों ने वर्षों से चली आ रही जिन समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार गुहार लगाई उन समस्याओं का समाधान मेयर दीपक बाली ने कर दिखाया।
आपको बता दें कि अभी तक जमीनों की जो रजिस्ट्रियां नगर निगम के टैक्स की रसीद पर हो जाती थी, वह पूरी तरह बंद कर दी गई थी। साथ ही जमीनों की खरीद फरोख्त पर नगर निगम द्वारा दाखिल खारिज के नाम पर 2 प्रतिशत टैक्स वसूला जा रहा था जो केवल पूरे उत्तराखंड में काशीपुर में ही हो रहा था और यहां की जनता बहुत परेशान थी। तीसरी समस्या यह थी की काटी जा चुकी अवैध कॉलोनियों की रजिस्ट्रियों पर भी पाबंदी थी और कुल मिलाकर जमीन खरीदने और बेचने का कारोबार पूरी तरह ठप हो चुका था। जिसका दुष्प्रभाव जमीन की खरीद फरोख्त से जुड़े निर्माण व व्यापारिक कार्यों से जुड़े कामों पर भी पड़ रहा था और सब कुछ चौपट हो गया था।
मेयर दीपक बाली ने इन समस्याओं को पूरी गंभीरता से लिया और उन्होंने अपने वादे के अनुसार शपथ लेते ही बोर्ड की प्रथम बैठक में ही दाखिल खारिज के लिए, लिए जाने वाले 2 प्रतिशत टैक्स को समाप्त करने का प्रस्ताव पास कर शासन को भेज दिया था जिसका कार्य प्रगति पर है। शासनादेश आने तक जनता परेशान ना हो इसके लिए भी मेयर ने एक प्रस्ताव पास कराया कि जिन लोगों को भी अपना दाखिल खारिज कराना है, वह पहले से चली आ रही परंपरा के अनुसार मात्र 1000 रुपये फाइल खर्चे पर एक एफिडेविट देकर नगर निगम से अपना दाखिल खारिज करा लें। ऐसा होने से लोगों को बहुत बड़ी राहत मिली।
वहीं, दूसरी ओर जो रजिस्ट्री पूर्व में नगर निगम के टैक्स की रसीद पर हो जाती थीं, उस पर भी पूरी तरह रोक लगी हुई थी। इससे भी कारोबार ठप थे और जनता बुरी तरह परेशान थी। मेयर दीपक बाली ने प्रयास कर इस पाबंदी को भी हटवा दिया और अवैध रूप से बनी कॉलोनियों में भी होने वाली रजिस्ट्री की प्रक्रिया को केवल एक बार समाधान योजना के तहत प्रोपर्टी डीलरों से एफिडेविट लेकर भविष्य में अवैध कालोनियां न काटने का वादा लेकर रजिस्ट्री शुरू कर दी जाएं, इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से वार्ता की, जिस पर मुख्यमंत्री जनहित में राजी हो गए।
प्रशासन के साथ बैठकर मेयर बाली ने सिंगल समाधान योजना को शुरू करा दिया है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। इससे पूरे जनपद में लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। वही, इससे क्षेत्र के भू-व्यवसाययों के साथ-साथ इस व्यवसाय से जुड़े सभी ढप पड़े काम फिर चालू हो जाएंगे, जिससे सभी को लाभ होगा और बुझे चेहरों पर फिर रौनक लौट आएगी ।
मेयर द्वारा व्यापारियों, व्यवसाइयों मजदूरों व आम जनमानस से सीधे जुड़े इन तीनों कार्यों के होने से खुश होकर क्षेत्र के भू-व्यवसाययों ने नगर निगम पहुंचकर दीपक बाली का शानदार स्वागत किया और उनका आभार जताया।
स्वागत करने वालों में आशीष गुप्ता, अनिल डाबर, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजीव सेतिया, डॉक्टर नगरा, विपिन, केवल कृष्ण छाबड़ा, प्रदीप डाबर, आनंद प्रधान, सोनू बरेजा, भारत बरेजा, मुकेश पाहवा, बंटी अग्रवाल, मनीष श्रीवास्तव सहित दर्जनों लोग शामिल थे।



