spot_img
spot_img
Thursday, February 12, 2026
spot_img

हल्द्वानी : युवक-युवती की हत्या का खुलासा, 4 युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी (महानाद) : पुलिस ने बड़ी मंडी में हुए सनसनीखेज युवक-युवती हत्याकांड का खुलासा करते हुए 4 हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि दिनांक 12.02.2026 की प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में 1 युवक तथा 1 युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण व भौतिक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। जांच में प्रथम दृष्टया पत्थर से कुचलकर हत्या का मामला होना प्रकाश में आया।

मामले की गम्भीरता को देखते हुए उन्होंने (एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी) ने तत्काल घटनास्थल में जाकर हत्या के सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया तथा विशेष टीम गठित कर घटना के त्वरित अनावरण के निर्देश दिए।

मृतकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से सम्पर्क कर शिनाख्त की कार्यवाही के दौरान मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी, ओखलकांडा, नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र एवं एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निकट पर्यवेक्षण तथा सीओ अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं, भौतिक साक्ष्य के आधार पर सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस तथा सुरागरसी पतारसी के आधार पर उक्त सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे सभी साथ में बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे जिस पर शुभम तथा लक्ष्मी ने विरोध किया। आपसी लड़ाई झगड़े में उन्होंने शुभम की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया तथा पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।

नाम पता अभियुक्त-
1. गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) पुत्र स्व. उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड, धान मिल, हल्द्वानी।
2. सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष) पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी, खन्ना फार्म, डी क्लास, बरेली रोड, हल्द्वानी।
3. दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव उम्र )20 वर्ष) पुत्र स्व. नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड, धान मिल, हल्द्वानी।
4. दीपेश लटवाल उर्फ राज )25 वर्ष) पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार, बड़ी मुखानी, पीली कोठी, हल्द्वानी।

बरामदगी- हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाईल फोन, गौरव तथा दीपू शर्मा के खून से सने हुए कपड़े।

आपराधिक इतिहास- गौरव नेगी उर्फ अक्कु ठाकुर पुत्र स्व० उमेश सिंह नि० वसुन्धरा कालोनी धान मिल टीपीनगर हल्द्वानी एक आदतन अपराधी हैं जिसके विरूद्ध कोतवाली हल्द्वानी में पूर्व में 11 अभियोग दर्ज हैं।

अभियुक्त दीपेश लटवाल के विरुद्ध थाना मुखानी में 3 अभियोग दर्ज हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम को 2500 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की, साथ ही कड़ा संदेश देते हुए कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों की समाज में कोई जगह नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ऐसे लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस टीम में कोतवाल विजय मेहता, एसएसआई रोहताश सिंह सागर, एसआई जगदीप नेगी, प्रेम राम विश्वकर्मा, कृपाल सिंह, धर्मेंद्र कुमार, आरती, हे.कां. इशरार नबी, त्रिलोक बिष्ट, हे.कां. कुंदन कठायत, राहुल सिंह राणा, कां. धीरेन्द्र सिंह अधिकारी, भानु प्रताप ओली, रोहित टम्टा, अशोक रावत, अनिल गिरी, अनिल टम्टा तथा बलवंत सिंह शामिल थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles