जसपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने दूसरे धर्म के युवक पर उसकी नाबालिग पुत्री का धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से तमंचे के बल पर अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर युवक व युवती की तलाश शुरु कर दी है।
जसपुर क्षेत्र के एक ग्राम निवासी व्यक्ति ने न्यायिक मजिस्ट्रेट जसपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी नाबालिग पुत्री दिनांक 17.02.2026 की रात्रि के 3 बजे घर से गुम हो गयी थी। दिनांक 22.02.2026 को उसे नदीम आदि लोगों से जानकारी प्राप्त हई है कि जाफराबाद, बिजनौर निवासी युवक के हाथ में तमंचा था और वह उसकी पुत्री को बहलाता-फुसलाता हुआ, जान से मारने की धमकी देते हुए कह रहा था कि अगर रास्ते में कोई भी आया तो उसे जान से मार दूंगा, तू मेरे साथ चल, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
व्यक्ति ने आरोप लगाया कि युवक नेे धर्म परिवर्तन कराने व साम्प्रदायिक सौहार्द खराब करने के इरादे से उसकी पुत्री को तमन्चे के बल पर जबरन अगवा किया है, जिस कारण उसके परिवार की धार्मिक, मानसिक, शारीरिक क्षति हुई है।
उसने बताया कि उसकी पुत्री की जन्मतिथि 18.04.2008 है, उसकी पुत्री नाबालिग है। उसकी पुत्री की इज्जत व जान को सख्त खतरा है, अभियुक्त ने गलत इरादे से उसकी पुत्री का धर्म परिवर्तन करने के लिए अपहरण किया है, युवक व उसका पिता पहले भी जेल काट चुके हैं और अपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
कोर्ट के आदेश पर जसपुर कोतवाली पुलिस ने युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई संतोष देवरानी के हवाले की है।



