विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : बाजपुर से काम करके काशीपुर वापिस लौटी 17 साल की युवती गैस गोदाम के पास से गायब हो गई। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
बांसियोवाला मंदिर, जसपुर खुर्द, काशीपुर निवासी एक युवक ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 साल की बहन बाजपुर में सरदार जी के यहां पर घर का कार्य करती है। दिनांक 05.03.2026 को वहां से घर आने को कहकर सरदार जी के साथ ही काशीपुर आयी। गैस गोदाम के पास, जसपुर खुर्द में सरदार जी ने उसे छोड़ा। उसके बाद से ही उसकी बहन का कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
युवक ने बताया कि उसकी बहन अभी तक घर नहीं पहुंची है। उसकी बहन के पास में कोई मोबाईल भी नहीं है। उन्होंने अपनी बहन की काफी खोजबीन भी की और उसे हर संभावित जगह ढूंढा भी परन्तु उसका कहीं कुछ पता नहीं चला। उसे ग्राम चमरिया, तहसील टाण्डा, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश निवासी युवक पर शक है कि वह उसकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
युवक ने पुलिस से उसकी बहन को ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर युवक-युवती की तलाश शुरु कर दी है। मामले की जांच एसआई पुष्कर दत्त भट्ट के हवाले की है।



