देहरादून/काशीपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के महापौरों, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ शहरी विकास संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने भी भाग लिया।
बैठक में प्रदेश के शहरों के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, बेहतर शहरी व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर के संतुलित विकास और लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर की समस्याओं का जल्द और प्रभावी समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही शहर में विकास कार्यों को तेज करने और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और विकसित शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय निकायों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।



