spot_img
spot_img
Thursday, March 12, 2026
spot_img

काशीपुर : महाराणा प्रताप चौक पर धरने पर बैठे व्यापारी नेता

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : फ्लाईओवर निर्माण की धीमी गति से नाराज व्यापारियों ने आज प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व में एमपी चौक के निकट धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन और निर्माणदायी संस्था को चेतावनी दी कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार न लाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

बता दें कि एमपी चौक के पास कछुआ गति से बन रहे रेलवे ओवरब्रिज के चलते कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर की मनमानी से पिछले करीब साढ़े चार वर्षों से एमपी चौक के इर्दगिर्द के व्यापारी बुरी तरह परेशान हैं। आरओबी निर्माण कार्य से वर्तमान में एमपी चौक व बाजपुर रोड की दयनीय हालत किसी से छिपी नहीं है। इस संबंध में पिछले दिनों भूख हड़ताल की चेतावनी दिये जाने पर निर्माणदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा 6 मई से बाजपुर रोड पर सर्विस रोड बनाने को आश्वस्त किया गया था, किंतु खेद का विषय है कि सर्विस रोड का निर्माण तो दूर एमपी चौक का भी इस वक्त बुरा हाल है।

मैनेजर के आश्वासन के बावजूद कार्य न होने से खफा प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की काशीपुर इकाई ने जनहित एवं व्यापार हित में आज एमपी चौक के समीप धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। इसके तहत आज व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्रभात साहनी के आहवान पर तमाम व्यापारी एमपी चौक पर एकत्रित हुए और मोर्चा खोल दिया। अध्यक्ष प्रभात साहनी सहित व्यापारी नेताओं एवं व्यापारियों ने निर्माण की धीमी गति पर रोष जताया और कहा कि बहुत चला आश्वासन का सिलसिला। निर्माणदायी संस्था स्पष्ट बताये कि निर्माण कार्य कब तक पूर्ण होगा। बरसात से होने वाली दिक्कत पर भी उन्होंने रोष का इजहार किया। वक्ताओं ने जनप्रतिनिधियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन्हें व्यापारियों व आमजन की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

इस दौरान प्रदेश संगठन मंत्री देवभूमि व्यापार मंडल राकेश नरूला, महामंत्री प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अमन बाली, उपाध्यक्ष प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल जतिन नरूला, पवनीत सिंह, सिद्धांत चौहान, अमित कक्कड़, राजीव परनामी, विजय क्वात्रा, योगेंद कुमार गुप्ता, जसवीर कौर, चिराग कक्कड़, हरविंदर सिंह व आरएच भल्ला आदि उपस्थित थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles