spot_img
spot_img
Tuesday, February 24, 2026
spot_img

हल्द्वानी : होटल व्यवसायी से पिंड छुड़ाने को प्रेमिका ने सांप से डसवाकर करवा दी हत्या

हल्द्वानी (महानाद) : पुलिस ने होटल व्यवसायी अंकित चौहान की हत्या का खुलासा करते हुए सपेरे को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसकी हत्या की साजिश रचने वाली उसकी प्रमिका व सहयोगी फरार हो गये हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।

मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि दिनांक 15/07/2023 को तीनपानी, गोलापास रोड़ पर एक कार के अन्दर संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति के होने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गयी तो उक्त स्थान पर नीले रंग की पोलो कार, जिसका इंजन व एसी स्टार्ट दशा में था, कि पिछली सीट पर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था, जिसकी शिनाख्त अंकित चौहान पुत्र धर्मपाल चौहान निवासी म.नं. बी-11, रामबाग कालोनी, रामपुर रोड, हल्द्वानी के रुप में हुई। जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर में कोई चोट आदि के निशान नहीं थे, जिससे उक्त व्यवसायी की मृत्यु स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। दिनांक 17-07-2023 को वादिनी ईशा चौहान की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 302 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के सुपुर्द की गई।

एसएसपी ने बताया कि मृतक अंकित की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसके दोनों पैरों के पिछले हिस्से में दो बार सांप के काटने के सर्पदंश के निशान थे। जिससे अंकित की मृत्यु का कारण संदेहास्पद प्रतीत होने पर उन्होंने तत्काल अपने अधीनस्थों के साथ मीटिंग कर घटना के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा करते हुए एवं पोस्टमार्टमकर्ता चिकित्सकों से मृत्यु के कारणों के सम्बन्ध में जानकारी करने के उपरान्त घटना के समस्त पहलुओं की गहनता से जाँच करने हेतु अधीनस्थों को निर्देश दिये।

एसपी सिटी हल्द्वानी हरबन्स सिंह, सीओ भूपेन्द्र सिंह धौनी के पर्यवेक्षण में अंकित की मृत्यु के संबन्ध में घटनास्थल व उसके आस-पास सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करने, मोबाइल सर्विलांस सैल डाटा डम्प करने, घटनास्थल एवं मृतक की संपूर्ण जानकारी प्राप्त करने एवं क्षेत्र में पतारसी सुरागरसी करने हेतु तत्काल 04 टीमों का गठन किया गया।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन किया। मोबाइल सर्विलांस टीम द्वारा मृतक के कॉल डिटेल की संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर मृत्यु से पूर्व अंकित के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का डाटा तैयार किया गया। पूछताछ टीम द्वारा मृतक के दोस्तों, रिश्तेदारों व आस पड़ोस में पूछताछ की गयी। समस्त टीमों द्वारा किये गये प्रयासों से एवं घटनास्थल से पूर्व वाहन के उक्त स्थल पर पहुँचने तक के समस्त रूटों का सीसीटीवी से रूट मैप तैयार करने एंव पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से एकत्र की गयी सूचनाओं के आधार पर यह तथ्य संज्ञान में आये कि मृतक का किसी महिला के साथ सम्बन्ध था एवं उक्त महिला एवं उसके साथी अंकित को काफी समय से ब्लैकमेल कर रहे थे। इसी तथ्य पर जाँच को केन्द्रित करते हुए समस्त टीमों द्वारा जाँच की गयी तो यह तथ्य संज्ञान में आये कि मृतक अंकित चौहान का माही नाम कि एक महिला के साथ मित्रता थी एवं घटना की तिथि में अंतिम समय वह माही के घर के लिए निकला था एवं अगले दिन उसका शव कार से बरामद हुआ। अंकित एवं माही तथा अन्य संदिग्धों की कॉल डिटेल का अवलोकन करने पर कुछ संदिग्ध नम्बरों की डिटेल निकालकर उनकी तलाश जारी रखी गयी तो इसी क्रम में घटना कि तिथि को लगातार माही के सम्पर्क में रहे एक संदिग्ध नम्बर जो कि रमेश नाथ के नाम से था जिसके सम्बन्ध में जानकारी करने पर यह ज्ञात हुआ कि उक्त व्यक्ति हल्द्वानी में किराये पर रहता था, जो कि सपेरा है एवं साँप पकड़ने का कार्य करता है। शक होने पर आज दिनाँक 18.07.2023 को उक्त व्यक्ति को हल्द्वानी से पकड़ा गया एवं सख्ती से पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा हत्या कि साजिश का खुलासा किया गया।

सपेरे रमेश नाथ ने बताया कि वह हल्द्वानी में मानपुर पश्चिम में निवास करता है तथा घर-घर जाकर माँगने खाने एवं साँप पकड़ने का कार्य करता है। 7-8 माह पूर्व हल्द्वानी के एक व्यक्ति ने उसे माही से मिलवाया और कहा कि इस पर कालसर्प योग है इसलिए पूजा हेतु एक नाग आपको पकड़कर लाना है। इसके कुछ समय बाद मेरा माही के घर आना जाना हो गया था। माही के घर पर ही अक्सर अंकित चौहान, दीप काण्डपाल एवं उसकी नौकरानी तथा नौकरानी का पति रामऔतार आते रहते थे। 20-25 दिन पहले हम सभी लोग माही के घर में थे तो माही एवं दीप काण्डपाल ने उससे कहा कि अंकित चौहान ने माही का जीना हराम कर दिया है। वह कभी भी माही के घर पर आ जाता है और शराब पीकर इसके साथ काफी मारपीट करता है। दीप ने कहा कि माही अब मुझसे प्यार करती है लेकिन यह अंकित चौहान पीछा नही छोड़ रहा है, अब इसको निपटाना ही पड़ेगा। फिर इन्होंने सपेरे से कहा कि अगर हम इसे ऐसे मारते हैं तो पुलिस हम पर शक करेगी इसलिए तुम एक जहरीला साँप पकड़कर ले आना हम अंकित चौहान को किसी बहाने से माही के घर बुलाकर उसे नींद की गोलियाँ देकर बेहोश कर देंगे और तुम साँप से उसे कटवा देना जिससे उसकी मृत्यु सामान्य सर्पदंश की घटना लगे। इस काम के हम तुम्हें दस हजार रूपये भी देंगें और माही तथा दीप काण्डपाल ने माही की नौकरानी तथा उसके पति रामऔतार को भी दस-दस हजार रूपये देने की बात कही थी। सपेरे ने बताया कि वह अंकित की हत्या की साजिश में शामिल हो गया और फिर 15-20 दिन पहले जंगल से एक जहरीला नाग पकड़ कर अपने पास रख लिया और यह बात माही एवं उसके साथियों को बता दी, तो उन्होंने कहा तुम साँप अपने पास रखे रहो जैसे ही हमें मौका मिलेगा हम अंकित को घर बुला लेंगे।

सपेरे रमेश नाथ ने बताया कि फिर दिनाँक 08.07.2023 को माही ने उसे अपने घर पर साँप लेकर बुलाया और कहा कि आज अंकित का जन्मदिन है, वह यहाँ आयेगा। तुम घर में ही छुप जाओ। मौका देखकर मैं तुम्हें बुला लूँगी। उस दिन अंकित चौहान घर पर आया और रामऔतार तथा उसकी बीवी भी माही के घर पर आ गये। फिर ये सब लोग खाना पीना खाकर शराब पीकर रात भर नाचते रहे। जब काफी देर तक अंकित चौहान सोया नही तो माही ने मुझसे कहा कि आज मौका नहीं है मैं किसी और दिन का प्लान करती हूँ।

दिनाँक 14.07.2023 को दिन में माही ने उसे फिर से साँप लेकर अपने घर पर बुला लिया और माही के घर पर दीप काण्डपाल, रामऔतार एवं उसकी पत्नी भी मौजूद थी। फिर माही ने सबको समझाया कि तुम सब लोग अन्दर मन्दिर वाले कमरे में छुप जाओ जब अंकित चौहान घर पर आयेगा तो मैं उसे आज नींद की गोलियाँ बहाने से पिला दूँगी फिर तुम्हें बुला दूँगी। रात लगभग 08.00 बजे माही ने दीप कान्डपाल, रामऔतार और उसकी बीवी को बुला और फिर कुछ देर बाद उसे भी आवाज देकर बुलाया। वह अपने साथ एक टोकरी में नाग लेकर जब माही के कमरे में पहुँचा तो देखा कि इन चारों ने कम्बल डालकर अंकित को बेड पर पेट के बल लिटा रखा था और सब लोग अंकित को दबाये हुए थे। फिर इन्होंने उससे कहा कि इसके पैरों में साँप से डसवा दो। उनके कहने पर उसने अंकित के पैर पर साँप से डसवाया। जब कुछ देर तक भी अंकित के शरीर में हरकत होती रही तो इन्होंने कहा कि शायद जहर का असर नही हुआ है। फिर उसने दोबारा अंकित के पैर में साँप से डसवाया और ये लोग अंकित के मरने तक उसको दबाये रहे।

रमेश नाथ ने बताया कि कुछ देर बाद जब अंकित मर गया तो उसके शव को उसकी कार में रखकर पहले उसे भुजियाघाट से नीचे खाई में फेंकने के लिए लेकर गये थे। लेकिन सम्भव न होने पर उसके शव को उसकी कार में ही गौला बाईपास रोड पर तीनपानी के पास छोड़कर भाग गयेे। माही ने पहले से ही दिल्ली से टैक्सी कार मँगा रखी थी जिससे हम सभी लोग हल्द्वानी से भाग गये। भागते समय रास्ते में जंगल में उसने साँप को छोड़ दिया। माही ने रास्ते में उसे शर्तानुसार दस हजार रुपये दिये थे जिसे लेकर वह अपने गाँव जाकर हल्द्वानी आया ही था कि पुलिस ने पकड़ लिया।

एसएसपी ने बताया कि 1. माही उर्फ डौली आर्या पुत्री इन्द्रलाल निवासी शान्ति विहार कालोनी, गौरापड़ाव, हल्द्वानी। 2. दीप काण्डपाल निवासी हल्दूचौड़, थाना लालकुँआ 3. रामऔतार पुत्र लालाराम निवासी गाँव हैदरगंज, पीलीभीत तथा 4. ऊषा देवी पत्नी रामऔतार निवासी उपरोक्त फरार हो गये हैं। जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी हरेन्द्र चौधरी, एसएसआई विजय मेहता, महेन्द्र प्रसाद, थानाध्यक्ष कालाढूंगी नन्दन सिंह रावत, थानाध्यक्ष वनभूलपूरा नीरज भाकुनी, थानाध्यक्ष काठगोदाम प्रमोद पाठक, एसआई जगदीप सिंह नेगी, गुलाब सिंह, दिनेश चन्द्र जोशी, एएसआई लखविन्दर सिंह, हे.कां. इसरार नबी, कां. अरुण राठौर, वंशीधर जोशी, प्रदीप सिंह, घनश्याम रौतेला, भगवान सैलाल, राजवीर सिंह नेगी, हे.कां. त्रिलोक रौतेला, कां. अनिल गिरी, भानुप्रताप, अशोक रावत शामिल थे।

हत्या का खुलासा करने वाली टीम के उत्साहवर्द्धन हेतु एसएसपी पंकज भट्ट ने 5000 रुपये के नगद पारितोषिक से पुरुस्कृत किया है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles