बाजपुर (महानाद) : पुलिस ने एक झूठी कहानी का पर्दाफाश करते हुए अपने ऊपर हमले की झूठी कहानी गढ़ने वाले आरोपी को तमंचे व 2 खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। सह-अभियुक्त को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।
आपको बता दें कि दिनांक 23 अगस्त 2026 को आरोपी सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी द्वारा ऋषिपाल नामक व्यक्ति पर जानलेवा नीयत से फायर किया गया था। घटना के संबंध में एसएसपी अजय गणरपति के निर्देश पर कोतवाली बाजपुर में धारा 109(1), 115(2), 351(3), 352, 3(5) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा धारा 23 भारतीय साक्ष्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई।
दिनांक 27 अगस्त 2026 को कोतवाली बाजपुर पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान अभियुक्त सर्वजोत सिंह ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा बताया कि ऋषिपाल पर फायर करने के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने अपने साथी धीरेन्द्र सिंह की सहायता से उसी तमंचे से अपने दाहिने पैर की जांघ पर गोली मार ली और स्वयं के साथ घटना होने की झूठी कहानी रचने का प्रयास किया।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम रेहटा जाने वाली सड़क किनारे ट्यूबवेल के पास से घटना में प्रयुक्त 1 अदद देशी तमंचा .315 बोर एवं 2 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद कर लिए।
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम –
सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी पुत्र स्व. राजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम बिराहा फार्म, बाजपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर।
सह-अभियुक्त –
दिनांक 26 अगस्त 2026 को सह-अभियुक्त धीरेन्द्र सिंह पुत्र सोरन सिंह, निवासी बिराहा फार्म, बाजपुर, ऊधम सिंह नगर को पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम में कोतवाल बाजपुर नरेश चौहान, एसएसआई जसविन्दर सिंह, एसआई संदीप शर्मा, एएसआई सुनील कुमार, हे.कां. प्रहलाद सिंह, कां. बलवन्त सिंह तथा जीवन भट्ट शामिल थे।



