spot_img
spot_img
Thursday, June 18, 2026
spot_img

भूसे के भडांरण और राज्य से बाहर ले जाने पर रोक

नैनीताल (महानाद) : डीएम ललित मोहन रयाल ने राज्य में पशुओं हेतु उपयोग में लाये जाने वाले भूसे की कीमतों में भारी उछाल को देखते हुए भूसे के अनावश्यक भण्डारण एवं राज्य से बाहर परिवहन पर रोक लगा दी है।

उक्त आदेश जारी करते हुए डीएम रयाल ने कहा है कि उत्तराखण्ड राज्य के पशुपालकों द्वारा पशुओं के सूखे चारे के रूप में मुख्य रूप से गेहूँ के भूसे का उपयोग किया जाता है। हर वर्ष अप्रैल माह के द्वितीय पक्ष तथा मई माह में गेहूँ की फसल की कटाई के बाद भूसे की प्रचुर मात्रा में उपलब्धता होती है तथा इसी समय भूसा न्यूनतम बाजार भाव पर उपलब्ध होता है। उन्नतशील पशुपालकों तथा निराश्रित/अलाभकर गौवंश को शरण देने हेतु समर्पित गौसदनों द्वारा इसी समय अपनी आवश्यकता के अनुरूप अधिकाधिक भूसा क्रय कर संग्रहित कर लिया जाता है।

डीएम ने कहा कि कतिपय व्यापारियों द्वारा भूसे की बड़ी मात्रा में अनावश्यक रूप से भण्डारण की सम्भावना रहती है। भूसे की कमी के कारण उत्पन्न विकट परिस्थितियों में पशु स्वामियों द्वारा बड़ी संख्या में पशुओं को परित्यक्त किये जाने की आशंका होती है, जिस कारण कृषि उपज की हानि, सड़क परिवहन में अवरोध/दुर्घटनाएं तथा कानून व्यवस्था को चुनौती पैदा होने की सम्भावना रहती है।

डीएम ललित मोहन रयाल

उक्त मद्देनजर उत्तराखंड शासन के निर्देशानुसार राज्य में पशुओं हेतु उपयोग में लाये जाने वाले भूसे की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए अनावश्यक भण्डारण एवं राज्य से बाहर परिवहन पर रोक लगाये जाने हेतु उनके (डीएम) द्वारा आदेश जारी करते हुए जिले के एसएसपी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम, हल्द्वानी, एसडीएम लालकुआं, कालाढुंगी, रामनगर, धारी, श्री कैंचीधाम, हल्द्वानी, नैनीताल सहित जिले के सभी अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका व नगर पंचायत को निर्देश दिए हैं कि वह जनपद एवं अपने क्षेत्रान्तर्गत आवश्यक कार्यवाही करते हुए यह सुनिश्चित करें कि भूसे को ईंट भट्टा एवं अन्य उद्योगों में इस्तेमाल ना किया जाए एवं इन उद्योगों को भूसा विक्रय पर आगामी 15 दिन तक रोक लगाई जाए। भूसा विक्रेताओं द्वारा भूसे का अनावश्यक भण्डारण न किया जाये एवं काला बाजारी पर रोक लगाई जाए।

जनपद में उत्पादित भूसे को राज्य से बाहर परिवहन पर तत्काल एक पक्ष (15 दिनों) हेतु रोक लगा दी जाए। जिलों में पुआल जलाने पर तत्काल रोग लगाई जाए।

डीएम ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित करें।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles