spot_img
spot_img
Thursday, August 20, 2026
spot_img

टोल प्लाजा के पास रहने वालों को बड़ी राहत, 121 जगहों पर शुरू हुआ फास्टैग लोकल पास

भारत (महानाद) : टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर ऑनलाइन फास्टैग लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है। अब पात्र लोगों को हर महीने पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा के चक्कर लगाने और दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। लोकल पास के लिए घर बैठे ‘राजमार्गयात्रा’ मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन किया जा सकता है।

इस सुविधा का लाभ उन लोगों को मिलेगा जो NHAI के टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर कागजी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिससे हर महीने काफी परेशानी होती थी। अब इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल कर दिया गया है।

दरअसल, FASTag लोकल पास की सुविधा सबसे पहले जुलाई 2026 में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई थी। इसके बाद अब इसे देशभर के 121 NHAI टोल प्लाजा तक बढ़ा दिया गया है। यानी अगर आपका घर किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आता है, तो आप ऑनलाइन लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कैसे मिलेगा FASTag लोकल पास?

लोकल पास बनवाने के लिए आपको ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप पर अपनी गाड़ी और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करनी होगी। इसमें वाहन नंबर, पता समेत जरूरी जानकारी देनी होगी। इसके बाद आपकी जानकारी को DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वेरिफाई किया जाएगा।

इसके अलावा यह भी जांच की जाएगी कि आपका पता संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं। इसके लिए GIS यानी मैप आधारित तकनीक की मदद ली जाएगी। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद पात्र लोगों को डिजिटल लोकल पास जारी किया जाएगा।

लोकल पास मिलने के बाद संबंधित टोल प्लाजा पर नियमों के अनुसार अनलिमिटेड यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। इससे उन लोगों को खास राहत मिलेगी जिन्हें रोजाना या लगातार टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है।

हालांकि, इस सुविधा को लेकर एक जरूरी बात ध्यान रखने वाली है। ऑनलाइन FASTag लोकल पास सिर्फ NHAI के अंतर्गत आने वाले टोल प्लाजा पर ही मान्य होगा। यह राज्य सरकार के टोल प्लाजा या निजी कंपनियों द्वारा संचालित एक्सप्रेसवे पर लागू नहीं होगा।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles