विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक व्यक्ति ने मुख्य सचिव उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग को पत्र लिखकर एक व्यक्ति पर हेमपुर डिपो के ब्रिगेडियर के नाम का इस्तेमाल कर उससे 2 लाख 95 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुख्य सचिव के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पाण्डेय कालोनी, ग्राम गोपीपुरा, आरटीसी हेमपुर, काशीपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र स्व. छोटेलाल ने मुख्य सचिव उत्तराखण्ड अनुसूचित जाति आयोग को शिकायती पत्र लिखकर बताया कि हरकेश मीना रिमाउन्ट ट्रेनिंग स्कूल एवं डिपो हेमपुर, काशीपुर में स्टेबल सफाईवाला के पद पर तैनात था। उसने उससे कहा कि डिपो में सरकारी नौकरी के लिए भर्ती आ रखी है और मेरी कमान्डेन्ट ब्रिगेडियर देवेन्द्र कुमार से इस सम्बंध में पैसो की बात हो रखी है, आप तीन लाख रूपये दे दो, मै कमान्डेन्ट साहब को दे दूंगा और आप सईस के पद पर भर्ती हो जाओगे।
सुनील कुमार ने बताया कि उसने हरकेश मीना केे झांसे में आकर वर्ष 2024 में 95 हजार रुपये उसके खातें में अपने खाते से ऑन लाईन ट्रांसफर किये व दो लाख रूपये उसको नकद दे दिये थे। उसने उसे आश्वासन दिया गया कि अप्रैल 2024 तक डिपो में उसकी भर्ती करा देगा तब तक डिपो में ब्रिगेडियर देवेन्द्र की कमान्ड थी और यह व्यक्ति उसका दाहिना हाथ बना हुआ था।
सुनील कुमार ने बताया कि जैसे-जैसे समय बीतता गया उसने उसे भर्ती नहीं कराया, तब जा के उसे एहसास हुआ है कि उसने औरो के साथ-साथ उसके साथ भी ठगी कर ली है। जब उसने हरकेश मीना से अपने पैसे वापिस माँगे तो उसने उसके साथ गाली गलौच करते हुऐ जान से मारने की धमकी दी और बोला कि जब तक देवेन्द्र कुमार है तब तक कोई मेरा बाल भी टेढ़ा नहीं कर सकता है और इसने पैसे देने से बचने के लिए ब्रिगेडियर देवेन्द्र कुमार से मिलकर अपनी पोस्टिंग 39 एफएडी भरतपुर राजस्थान करवा लिया, जहां से वह उसे जान से मारने की धमकी देता रहता है और कहता है कि मैं तेरे पैसे कभी नहीं दूंगा, क्योंकि मैंने तेरे सारे पैसे ब्रिगेडियर देवेन्द्र कुमार को दे रखे हैं और जब तक ब्रिगेडियर देवेन्द्र कुमार है तब तक कोई मेरा कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता।
सुनील कुमार ने कहा कि उसने पैसे हरकेश मीना को दिये हैं न कि ब्रिगेडियर देवेन्द्र कुमार को। उसने कहा कि ब्रिगेडियर देवेन्द्र सेना की आरवीसी कोर में एक बहुत बडे अफसर थे, जो अब रिटायर हो चुके हैं, ये उनका सहारा लेकर उसका पैसा हड़पना चाहता है। उसने हरकेश मीना के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
मुख्य सचिव के आदेश पर पुलिस ने हरकेश मीना के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कौशल सिंह भाकुनी के हवाले की है।



