पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : दिनांक 15 अप्रैल को कांग्रेस विधायक आदेश चौहान द्वारा अग्रकुल गौरव व अग्रवालों के आराध्य श्रीश्री महाराजा अग्रसेन जी महाराज एवं अग्रवाल समाज के अपमान के विरोध में आज दिनांक 17.04.2026 को अग्रवाल-वैश्य समाज की एक बैठक श्री अग्रवाल सभा भवन में आयोजित की गयी, जिसमें समस्त वैश्य बंधुओं द्वारा अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर बहुत बड़ी संख्या में भागीदारी की गई तथा उपस्थित वक्ताओं द्वारा घटना की कड़ी भर्त्सना की गई एवं घटना के विरोध में एक मशाल जलूस पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल के नेतृत्व में पूरे नगर में निकालकर अग्रवाल समाज के शोभित अग्रवाल की ओर से तहरीर देकर विधायक आदेश चौहान पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
आपको बता दें कि होली चौक, ठाकुर मंदिर के पास, जसपुर निवासी शाभित अग्रवाल पुत्र सुनील कुमार अग्रवाल ने जसपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक सामाजिक कार्यकर्ता है। दिनांक 15.04.2026 की सुबह के लगभग 9ः30 बजे उसने देखा कि जसपुर विधायक आदेश चौहान पुत्र पाकेश सिंह निवासी निवार मण्डी, जसपुर, जिला उधमसिंहनगर, साथ में हिमांशु नम्बरदार, विपुल पुत्र इन्द्रवीर सिंह, सौरभ चौहान, हृदेश चौहान तथा साथ में 30-35 अज्ञात व्यक्तियों को लेकर ठाकुर मन्दिर के पास स्थित चौक की राजकीय भूमि पर जबरदस्ती
कब्जा करने लगे और वहाँ फर्श की खुदाई कर दी।
शोभित ने कहा कि उसने, उसके भाई सौरभ अग्रवाल, कामेश मित्तल, विपलेश गुप्ता व अन्य लोगों ने जब हिमांशु नम्बरदार से सरकारी सम्पत्ति की बिना अनुमति तोड़ फोड़ करने के सम्बन्ध में पूछा, तो यह लोग आग बबूला हो गये, और कहने लगे कि देखते नहीं, विधायक साथ में है, जिस सरकारी भूमि पर चाहेंगे, उस पर हम कब्जा करेंगे, विरोध करने पर आदेश चौहान बोला मार दो इन सबको, तो हिमांशु नम्बरदार सहित आदेश चौहान पुत्र पाकेश सिंह, निवासी निवार मण्डी, जसपुर, जिला उधमसिंहनगर, विपुल पुत्र इन्द्रवीर सिह, निवासी जसपुर, जिला उधम सिंह नगर, सौरभ चौहान, हृदेश चौहान निवासी गाँधी पार्क, जसपुर तथा साथ में आये 30-35 अज्ञात व्यक्तियों ने उसके व उसके भाई सौरभ अग्रवाल, कामेश मित्तल, विपलेश गुप्ता व समाज के सम्मानित व्यक्तियों के साथ बुरी तरह मारपीट करने लगे और कहने लगे कि आज तुम लोगों का दिमाग ही ठिकाने लगा देते हैं, जसपुर हमारा है, हम सरकार हैं, जो चाहें वह कर सकते हैं, इन लोगों ने गन्दी-गन्दी गाली गलौज की तथा आदेश चौहान ने फावड़े से हत्या करने का प्रयास भी किया और गाली देते हुए कहा कि तुम चार बनियों के कहने से कुछ नहीं होगा, जसपुर में जो मैं चाहूंगा, वही होगा और काम डण्डे के बल पर होगा।
शोभित ने बताया कि इन लोगों ने जान से मारने की धमकी दी और उसके बाद वहाँ काफी भीड़ इकट्ठा हो गयी, जिस कारण पुलिस के आने पर यह लोग भाग गये, इन लोगों के द्वारा धर्म व मूल वंश व भाषा के आधार पर समाज के समूह में शत्रुता और सौहार्द के खिलाफ भी कार्य किया, और धमकी दी कि हम सरकारी भूमि पर कब्जा करके ही दम लेंगे।
शोभित ने कहा कि इस घटना से उसमें व अग्रवाल समाज काफी भय है, यह लोग उनके साथ कोई भी घटना घटित कर सकते है, क्योंकि यह लोग संगठित अपराधी व बाहुबली हैं तथा संगठन बनाकर भूमि पर कब्जा करते हैं, तथा इन लोगों पर पूर्व में भी आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं और जसपुर का सम्पूर्ण अग्रवाल समाज काफी भयभीत है, काफी घटना कैमरों में कैद हुयी है। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरु कर दी है।
वहीं, चौहान महासभा ने विधायक आदेश चौहान को गुंडा कहने पर पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल समेत समस्त अग्रवाल समाज से माफी मांगने की मांग की है।



