अरविंद पांडेय को नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाये जाने की मांग

0
1230

रवि सरना
महानाद डेस्क : लोकसभा चुनाव को लेकर राजनैतिक पार्टियों में दावेदारी को लेकर लामबंदी शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा में अभी तक कई दावेदार सामने आ चुके हैं। वहीं, भाजपा से गदरपुर विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय की दावेदारी को लेकर उनके शुभचिंतकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उन्हें नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाये जाने की मांग की है।

आपको बता दें कि नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से वर्तमान में अजय भट्ट सांसद हैं। वे केंद्र सरकार में रक्षा/पर्यटन राज्यमंत्री भी हैं। उधर, आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा से उक्त सीट के लिए कई लोगों ने अपनी दावेदारी करनी शुरु कर दी है। इनमें से एक दावेदार प्रदेश के कद्दावर नेता अरविंद पांडेय भी हैं। पांडेय वर्तमान में गदरपुर से भाजपा विधायक हैं तथा पूर्व में प्रदेश के लोकप्रिय शिक्षा व खेल मंत्री भी रह चुके हैं।

Advertisement

आपको बता दें कि नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र में नैनीताल और ऊधम सिंह नगर दो जिले आते हैं। जिसमें ऊधम सिंह नगर जिले की नौ और नैनीताल जिले की छह में से पांच सीटें इस लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। लोकसभा क्षेत्र का 60 फीसदी से अधिक हिस्सा तराई क्षेत्र का है वहीं 40 फीसदी पर्वतीय इलाका है।

उत्तराखंड के पूर्व मंत्री अरविंद पांडेय की पूरे क्षेत्र में सभी वर्गों में अच्छी पैठ है। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह लगातार पांचवीं बार विधायक हैं। राज्य बनने से पहले वह बाजपुर नगर पालिका के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। इसके बाद वे बाजपुर विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए। बाजपुर विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के बाद वे गदरपुर से विधायक बने।

पांडेय ने उत्तराखंड सरकार में शिक्षा एवं खेल मंत्री बनने के बाद राज्य हित में कई महत्वपूर्ण काम करवाए। निजी व सरकारी सभी स्कूलों में एनसीईआरटी पैटर्न लागू करवाया। प्रत्येक विकास खंड में दो-दो अटल उत्कृष्ट स्कूल खुलवाए। राज्य में क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई से मान्यता दिलवाई। स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ाने के लिए स्कूल गेम्स को बढ़ावा दिया।

बता दें कि पार्टी में भी पांडेय की छवि जुझारू व कर्मठ जनप्रतिनिधि की मानी जाती है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ उनका बेहतर तालमेल है। पार्टी से हटकर भी लोग उनका सम्मान करते हैं। इसी क्रम में क्षेत्र की प्रमुख सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर अरविंद पांडेय को नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से भाजपा का उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here