पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : एक पत्रकार ने एक व्यक्ति पर उनके द्वारा आम के पेड़ों के अवैध कटान की खबर प्रसारित करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

निकट कार्यालय क्रय विक्रय समिति, कलियावाला रोड, जसपुर निवासी पत्रकार अजय सिंह सागर उर्फ मिंटू सिंह ने एसडीएम राहुल शाह को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने ग्राम मलपुरी, जसपुर निवासी राजपाल चौधरी द्वारा 4 जुलाई 2026, शनिवार को अवैध रूप से अपने आम के हरे-भरे व फलदार वृक्ष कटवाए जाने की खबर अपने चैनल पर प्रसारित की थी। पत्रकार अजय सिंह सागर ने राजपाल चौधरी के पुत्र पुलकित चौधरी पर आरोप लगाया है कि उसके द्वारा 7 जुलाई शनिवार को रास्ते में रोक कर उनके साथ गाली गलौज की और जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी और उसने उन पर खबर को लेकर पैसे मांगने का झूठा आरोप भी लगाया।
पत्रकार ने कहा कि जान से मारने की धमकी से वह सदमे में हैं। पीड़ित पत्रकार ने आरोपी के खिलाफ संवैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्रकार को जान से करने की धमकी मिलने पर स्थानीय पत्रकारों में रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने साथी पत्रकार के समर्थन में संबंधित अधिकारी से कार्यवाही की मांग की है।



