विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर निवासी एक नामचीन व्यक्ति ने प्रतापपुर निवासी मां-बेटे पर उनके साथ करोड़ों की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
कृष्णा विलाज, जसपुर खुर्द, काशीपुर निवासी अनिल कुमार डाबर पुत्र स्व. ज्ञान चन्द्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि प्रतापपुर निवासी पुनीत सिंघल पुत्र स्व. प्रमोद कुमार सिंघल ने अपनी माता निशा सिंघल के साथ उनसे संपर्क किया और ग्राम धनौरी पट्टी, तहसील काशीपुर, जिला उधम सिंह नगर स्थित अपनी 1.416 हैक्ट्रेयर भूमि को वर्ग 1 क की संक्रमणीय भूमि बताकर बेचने की इच्छा जाहिर की।
अनिल डाबर ने बताया कि पुनीत सिंघल ने उन्हें बताया कि उसकी भूमि पाक साफ है और किसी प्रकार का कोई बैंक लोन इत्यादि नहीं है। पुनीत सिघंल द्वारा उन्हें भूमि दिखाई गई और उक्त भूमि की वर्तमान की खतौनी दिखाई गई। क्योंकि वह पुनीत सिंघल को पहले से ही जानते थे तो उसकी बातों पर विश्वास कर लिया गया और उनके द्वारा उक्त भूमि का सौदा बीस करोड़ इक्कीस लाख रुपये में तय हुआ।
अनिल डाबर ने बताया कि उनकी साझेदारी का एक रिसोर्ट ग्राम मनोरथपुर, बासीटीला, तहसील रामनगर में स्थित है। जिसकी कीमत 11 करोड़ रुपये आंकी गई। पुनीत की भूमि के एवज में रिसोर्ट मय भूमि पुनीत सिंघल के नाम रजिस्टी किया जाना तय हुआ और 1 करोड़ रुपये दिनांक 17-07-2025 को बतौर बयाना पुनीत सिंघल को अदा किया गया और शेष धनराशि समय-समय पर अदा किया जाना तय हुआ, जिसके सदंर्भ में उनकी पत्नी कविता डाबर के साथ एक इकरारनामा भी दिनांक 17-07-2025 को निष्पादित हुआ। और इकरारनामे में यह तय हुआ कि उनकी साझेदारी वाले रिसोर्ट का कुछ भाग की रजिस्ट्री पहले करके देंगे।
अनिल डाबर ने बताया कि दिनांक 02-02-2026 को उनके द्वारा बासटीला, रामनगर स्थित 1205 वर्गमीटर भूमि का जरिये पंजीकृत विक्रय विलेख पुनीत सिंघल के नाम अपने पार्टनर मनीष श्रीवास्तव से करवा दी गई और विक्रय विलेख में वर्णित प्रतिफल के चैक भी पुनीत सिघंल के द्वारा प्राप्त किये गये। इकरारनामा करते समय यह तय हुआ कि विक्रय विलेख में चर्णित चैक उन्हें वापस कर दिये जायेंगे जो चैक 7,10,70,430 रुपये के थे।
अनिल डाबर ने बताया कि उनके द्वारा जब पुनीत सिंघल की भूमि को क्रय करने हेतु बैंक से लोन लेने के लिये सम्पर्क किया गया तब बैंक द्वारा उनसे पुनीत सिधल की भूमि की खतौनी लेकर आने के लिए कहा, तब उनके द्वारा तहसील से खतौनी निकाली गई तो पता चला कि ग्राम धनौरी पट्टी, तहसील काशीपुर के खसरा संख्या 33, 35, 37 नम्बर भूमि है, पुनीत सिंघल द्वारा एक सोचे समझे षड़यन्त्र के तहत उनकी रकम को हड़पने की नीयत से उनके साथ छल कपट कर धोखाधड़ी की गई है।
अनिल डाबर ने बताया कि जब उनके द्वारा पुनीत सिंघल से इस विषय में बात करना चाहा और अपनी रकम वापिस मांगी तो पुनीत सिंघल टाल मटोल करने लगा। पुनीत सिंघल द्वारा रामनगर रिसोर्ट की रजिस्ट्री में वर्णित चैक उन्हें आज तक नहीं दिये हैं और उन्हें मां-बहन की गन्दी-गन्दी गालियां देते हुये कहा कि यदि ज्यादा बोला तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मार दूँगा।
अनिल डाबर ने बताया कि दिनांक 19.04.2026 की शाम 5.45 बजे वह अपने मित्र के साथ रास्ते से गुजर रहे थे तब उनका आमना-सामना पुनीत सिंघल से हो गया। उन्होंने पुनीत सिंघल से कहा कि आपने हमारे साथ धोखाधड़ी की है जिससे पुनीत सिंघल आग बबूला हो गया गया और अपनी कार से बेस बॉल का डण्डा निकाला और उनके ऊपर हमला कर दिया, जिससे उनके चार दाँत टूट गये और शरीर पर कई गम्भीर चोटें आईं जिसमें टांके लगाये। पुनीत सिंघल ने उनसे कहा कि दोबारा कहीं मिला तो तुझे जान से मार दूँगा।
अनिल डाबर ने बताया कि मारपीट की घटना होने के बाद उन्होंने अपने मित्र मनीष श्रीवास्तव को अपने साथ घटी घटना की जानकारी मोबाईल फोन पर दी। उन्होंने मनीष श्रीवास्तव से कहा कि मनोज आहूजा मुझे उपचार हेतु सरकारी अस्पताल, काशीपुर ले कर जा रहा है, तब मनीष श्रीवास्तव ने सरकारी अस्पताल पहुँच कर उनका उपचार व मेडिकल कराया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर ने उनके दाँतो में आयी गम्भीर चोटों को देखते हुये उन्हें दांतों के डॉक्ट के पास रैफर किया।
अनिल डाबर ने बताया कि कि उन्होंने अपने साथ घटी घटना की सूचना पुलिस थाना काशीपुर में दी। पुलिस थाना काशीपुर द्वारा पुनीत सिंघल के विरुद्ध कोई कार्यवाही न किये जाने से पुनीत सिंघल के हौसले और भी बुलन्द हो गये तथा वह आये दिन उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।
अनिल डाबर ने पुलिस से कहा कि पुनीत सिंघल ने उनके साथ करोड़ों रुपयों की धोखाधड़ी की है तथा इकरारनामे की शर्तों का पूरा उल्लंघन करते हुये जमीन का सौदा नहीं किया और ना ही उनके पैसे वापिस दे रहा है। पैसे मांगने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की लगातार धमकियां दे रहा है। उन्होंने पुनीत सिंघल व उसकी मां निशा सिंघल के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
अनिल डाबर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पुनीत सिंघल व उसकी मां निशा सिंघल के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2), 318(4), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसएसआई नवीन बुधानी के हवाले की है।



