spot_img
spot_img
Thursday, January 29, 2026
spot_img

1 अप्रैल 2025 से मिलेगी रेल कर्मचारियों को ‘एकीकृत पेंशन’

बरेली (महानाद) : पूर्वाेत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल पर ‘एकीकृत पेंशन योजना’ पर प्रेस वार्ता का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर रेखा यादव की अध्यक्षता में किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि एनपीएस की जगह ओल्ड पेंशन की मांग बहुत दिनों से कर्मचारियों द्वारा की जा रही थी। ओल्ड पेंशन के बदले एकीकृत पेंशन (यूपीएस) कर्मचारियों को 1 अप्रैल, 2025 से प्रदान कर दी जायेगी। जो कर्मचारी एनपीएस से यूपीएस में जाना चाहेगा वे अपना विकल्प दे सकते हैं। इसमें किसी भी प्रकार की बाध्यता नहीं होगी। जिसके फलस्वरुप केन्द्रीय कर्मचारियों में बहुत ही उत्साह देखने को मिल रहा है।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि एकीकृत पेंशन योजना में कर्मचारियों के लाभ हेतु पाँच महत्वपूर्ण स्तंभों को लाया गया है। प्रथम स्तंभ में कर्मचारियों की 25 वर्ष सेवा पूर्ण होने के उपरांत अंतिम 12 महीने का औसत मूल वेतन का 50 प्रतिशत राशि निश्चित पेंशन के रूप में मिलेगी। सेवानिवृत कर्मचारियों के आश्रितों को भी कर्मचारी की पेंशन का 60 प्रतिशत एक निश्चित राशि पारिवारिक पेंशन के रूप में प्रदान की जायेगी। न्यूनतम 10 हजार पेंशन देने का प्रावधान एकीकृत पेंशन योजना का महत्वपूर्ण लाभ है। समय-समय पर श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के तहत महंगाई राहत दर देय होगी। सेवानिवृति पर ग्रेच्युटी के अतिरिक्त एकमुश्त भुगतान का प्रावधान रहेगा जोकि मूल वेतन व महंगाई राहत दर का 10 प्रतिशत हर पूर्ण किये गये छमाही के आधार पर होगा। उपरोक्त सभी लाभ कर्मचारियों को मिलेगा, जबकि एनपीएस में प्रावधान नहीं थे।

वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मंडल पर लगभग 9 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं, जिसमें से लगभग 7 हजार कर्मचारी एनपीएस के अंतर्गत आते हैं। एनपीएस में आने वाले कर्मचारी जोकि सेवानिवृत हो चुके हैं, उनको भी इसका लाभ एरियर के साथ प्रदान किया जायेगा। सेवानिवृत कर्मचारियों को एकीकृत पेंशन मिलने से उनका सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ जायेगा।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक रत्नेश कुमार सिंह एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशीष त्रिपाठी उपस्थित थे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles