बाजपुर (महानाद) : एसटीएफ उत्तराखण्ड ने नकली दवाई के बड़े सिंडिकेट पर प्रहार करते हुए बिना वैध लाइसेंस के नामी कंपनियों के नाम से बनाई जा रही नकली एलोपैथिक दवाइयों की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी में हजारों जीवन रक्षक दवाइयाँ, पैकिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी होलोग्राम, टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन सहित अन्य उपकरण एवं पैकिंग सामग्री बरामद हुई है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी एसटीएफ उत्तराखण्ड अजय सिंह के निर्देशन में एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट, बाजपुर पुलिस एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या एफ-13 एवं एफ-14, औद्योगिक क्षेत्र) पर छापेमारी कर नकली एवं अपमिश्रित औषधियों के अवैध निर्माण का भंडाफोड़ कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ, पैकिंग सामग्री तथा अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा अपने अन्य साथी के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई करना स्वीकार किया गया।
घ् बरामद की गई दवाइयाँ (1 लाख टेबलेट, 15 हजार सिरप बोतलो) को लोग अम्लता (एंटासिड), जीवाणु संक्रमण (एंटीबायोटिक), दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द (न्यूरोपैथिक पेन), प्रोस्टेट संबंधी समस्याओं, कैल्शियम एवं विटामिन की कमी तथा रक्तवर्धक (आयरन) सप्लीमेंट के उपचार में प्रयोग करते हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि – एसटीएफ उत्तराखण्ड जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना एवं गिरफ्तारी की कार्यवाही जारी है।
एसटीएफ टीम में इंस्पेक्टर विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी, केजी मठपाल, हे.कां. महेंद्र गिरी, रविन्द्र सिंह, किशोर कुमार, कां. जितेंद्र कुमार तथा किशन चंद्र शर्मा ( तकनीकी सहायक)।
ड्रग टीम में वरिष्ठ औशधि निरीक्षक नीरज कुमार, मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक निधि शर्मा, शुभम कोटनाला तथा अर्चना।
बाजपुर पुलिस से एसआई सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह मेहता, कां. समीर चौहान।
आबकारी टीम में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट तथा कृष्ण चंद शामिल थे।



