विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर उसके साथ मारपीट करने व चाकू मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
ग्राम धीमरखेड़ा, काशीपुर निवासी वसीम पुत्र मौ. यासीन ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, काशीपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दिनांक 16.06.2026 की रात्रि के 9 बजे वह खाना खाने जा रहा था, उसकी पत्नी, सास, ससुर, चचिया ससुर, साली और उसकी पत्नी उसके घर में घुस आये और आते ही उसे माँ-बहन की गन्दी-गन्दी गालियां देते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया।
वसीम ने बताया कि जब उसने गालियां देने से मना किया तो उसके ससुर ने अन्टी में से चाकू निकालकर उसकी बांई आँख पर चाकू की फलक मार दिया, जिससे उसकी आंख फूटने से बच गयी। उसके ससुर और चचिया ससुर ने उसे जान से मारने की नीयत से उसके गले पर चाकू से हमला किया जो उसके कंधे के नीचे जा घुसा फिर उसके ससुर ने उसके दायें हाथ पर चाकू से वार कर दिया जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया।
वसीम ने बताया कि उसकी गम्भीर अवस्था में उपरोक्त विपक्षीगणों ने उसके हाथ पैर रस्सी से बंधकर उसे बुरी तरह से धारधार हथियार व बेल्ट से मारा पीटा। उसकी चीख पुकार सुनकर छत पर सो रही उसकी माता सायदा तथा पिता यासीन मौके पर आ गये। उन सभी लोगों को आता देख उपरोक्त विपक्षीगण उसे अधमरी हालत में छोड़कर भाग गये और जाते जाते धमकी दी कि मौका मिलने पर उसे वउसके परिवार के सदस्यों को जान से मार देंगे और उनकी लाशों का भी पता नही लगने देंगे।
वसीम ने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है। कोर्ट के आदेश पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 333, 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई सुशील कुमार के सुपुर्द की है।



