जसपुर (महानाद) : गर्ग तिराहे से आगे, नहर रोड पर कूड़े के ढेर में एक संदिग्ध जानवर का 30 किलो का सिर मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर को कब्जे लेकर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।
एसआई इन्दर सिंह ढैला ने बताया कि दिनांक 19.04.2026 को वह कां. अरुण कुमार के साथ गश्त कर रहे थे, इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि गर्ग तिराहे से आगे, नहर रोड पर, कूड़े के ढेर में किसी जानवर का कटा हुआ सिर पड़ा है, जहाँ कूड़ा बीनने वाले लोग विभिन्न प्रकार की चर्चाएं कर रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए वे तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां कुछ कूड़ा बीनने वाले लोग मौजूद थे, जो पुलिस को देखकर वहाँ से चले गए। पुलिस बल द्वारा मौके का निरीक्षण करने पर पुलिया के पास कूड़े के ढेर में काले/भूरे रंग का धड़ से कटा हुआ जानवर का सिर पड़ा मिला। जानवर के नाक में मटमैले रंग की नाइलॉन की रस्सी बंधी हुई थी तथा रस्सी एवं सिर पर मिट्टी लगी हुई थी।
इसके बाद घटना की सूचना तत्काल एसएसआई जावेद मलिक को दी गई, मौके पर पशु चिकित्सक डॉ. सुधांशु मिश्रा को बुलाया गया। उनके द्वारा निरीक्षण कर बताया गया कि प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि उक्त सिर गाय का है या भैंस का, सिर का वजन करीब 30 किलो है। डॉ. सुधांशु मिश्रा द्वारा संदिग्ध सिर के तीन नमूने लेकर उन्हें अलग-अलग डिब्बों में नमक डालकर सील करर दिया गया।
एसआई इन्दर सिंह ढैला ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा किसी जानवर को काटकर उसका मांस विक्रय हेतु उपयोग किया गया तथा सिर को क्रूरतापूर्वक कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। यह कृत्य पशु क्रूरता को दर्शाता है तथा इस संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि उक्त सिर गौवंश का हो।
उक्त जानवर के सिर की बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 325, पशुओं प्रति क्रूरता का निवारण एक्ट की धारा 11(1)(घ), 3, गौ हत्या निवारण अधिनियम की धारा 3(6ए)(8) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।



