spot_img
spot_img
Monday, March 2, 2026
spot_img

सिटी क्लब में भिड़ गये कांग्रेसी, जमकर हुई मारपीट

रुद्रपुर (महानाद) : सिटी क्लब में कांग्रेस के 2 गुट आपस में भिड़ गये और दोनों गुटों में जमकर मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों गुटों की ओर से आई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 4 सितंबर को सिटी क्लब में कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कांग्रेस के अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे, इसी समय जब संगठन सृजन अभियान के प्रभारी व अन्य गणमान्य नेता मंच पर संबोधन कर रहे थे। तभी माहौल खराब करने के उद्देश्य से महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के दावेदार संजय जुनेजा ने शोर मचाना शुरू कर दिया और पार्टी के बस्तियों के गरीब कार्यकर्ताओं के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जिस पर पर्यवेक्षक ने स्वयं खड़े होकर माहौल शांत करने का प्रयास किया।

सीपी शर्मा ने बताया कि माहौल शांत होता देख संजय जुनेजा व उसके साथी मोहन खेड़ा, राजेंद्र मिश्रा एवं पवन वर्मा आदि ने फिर से गाली गलौज करते हुए कार्यकर्ताओं को बुरा भला कहना शुरू कर दिया। इसी बीच वार्ड 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ ने महानगर कांग्रेस के ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नंद किशोर गंगवार को थप्पड़ मार दिया, लोग जब तक बीच बचाव करते तब तक सौरभ बेहड़ व उनके साथी राजेंद्र मिश्रा और संजय जुनेजा ने पार्टी कार्यकर्ता अर्णव के साथ हाथापाई शुरू कर दी। सौरभ बेहड़, संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, राजेंद्र मिश्रा, पवन वर्मा आदि ने मिलकर नंद किशोर गंगवार व अर्णव को बुरी तरह गिरा कर लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया।

सीपी शर्मा ने बताया कि यह देखकर पार्टी का एक अन्य अनुसूचित जाति का कार्यकर्ता संदीप कुमार बचाने गया तो राजेंद्र मिश्रा, पवन वर्मा व संजय जुनेजा ने उसे जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मां बहन की गालियां दी और जान से मारने का प्रयास करते हुए उस पर हमला कर दिया तथा सौरभ राज बेहड़ ने संदीप कुमार को जाति सूचक शब्द बोलते हुए कहा कि तू यहां क्या करने आया और मां बहन की गालियां देते हुए उसको अपमानित करने का काम किया। उसने धमकी दी कि तेरी मां बहन को घर से उठवा दूंगा, तू जानता नहीं सौरभ बेहड़ किसका बेटा है।, इसके बाद राजेंद्र मिश्रा, संजय जुनेजा व मोहन खेड़ा और सौरभ बेहड़ ने नंद किशोर गंगवार व अर्णव को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया।

सीपी शर्मा ने पुलिस से उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई होशियार सिंह के हवाले की है।

वहीं, भूरारानी, रुद्रपुर निवासी मोहन खेड़ा पुत्र सुग्रीव लाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि संदीप चीमा, कुरैया जिला पचांयत क्षेत्र से सदस्य पद हेतु कांग्रेस पार्टी से टिकट की दावेदारी विगत पंचायत चुनाव में कर रहे थे। परन्तु कांग्रेस पार्टी द्वारा संदीप चीमा को टिकट न देकर सुनीता सिंह को टिकट दिया था तथा राजेन्द्र मिश्रा पुत्र राम नगीना मिश्रा निवासी ग्राम कीरतपुर, रूद्रपुर द्वारा सुनीता सिंह का प्रचार किया गया था तभी से संदीप चीमा जो राजेन्द्र मिश्रा से रंजिश रखते है तथा समय-समय पर कई बार राजेन्द्र मिश्रा को जान से मार देने की तथा निपट लेने की धमकी कई लोगों के सामने ही देते रहे है, दिनांक 03.09.2025 को उक्त संदीप चीमा द्वारा अपने मोबाइल से राजेन्द्र मिश्रा को कॉल करके अभद्र व्यवहार व गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

मोहन खेड़ा ने बताया कि इसी योजना के तहत साजिशन तरीके से संदीप चीमा, योगेश चौहान, सीपी शर्मा, दीपक शर्मा, आशीष यादव, सतीश, नन्द किशोर गंगवार, राजू गंगवार सहित अनेकों लोगों ने एक राय होकर 4 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे सिटी क्लब में कांग्रेस पार्टी की बैठक समाप्त होने के पश्चात मौका पाकर राजेन्द्र मिश्रा को जान से मारने की नीयत से घेर लिया तथा गिराकर बुरी तरह मारने लगे। उक्त संदीप चीमा, योगेश चौहान, सीपी शर्मा, सतीश ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और उक्त सभी लोग उनको खींचकर बाहर ले जाने लगे और इसको उठाकर बाहर खड़ी सफेद रंग की फोर्च्यूनर गाड़ी में डालकर ले जाने का प्रयास किया और कहने लगे कि आज इसका काम तमाम कर देंगे। जिन्हें शिशुपाल व सोनू चौहान ने बड़ी मुश्किल से उनके चंगुल से बचाया, नहीं तो उक्त लोग उसका अपहरण कर जान से मारकर खत्म कर देते।

मोहन खेड़ा ने बताया कि उक्त घटनाक्रम में मारपीट के परिणामस्वरूप राजेन्द्र मिश्रा बेहोश हो गये। तभी मौके पर फिर शिशुपाल व सोनू चौहान व कई अन्य लोग आ गये तथा शोर शराबा व बीच बचाव करने लगे। भीड़ इकट्ठा होती देख उक्त लोग राजेन्द्र मिश्रा को धक्का देकर भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर चले गये। उक्त लोग शातिर किस्म के व्यक्ति है, निश्चित तौर से भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटित कर सकते है, यह घटनाक्रम आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर उक्त 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई होशियार सिंह के हवाले की है।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles