हल्द्वानी (महानाद) : वार्षिकोत्सव के दौरान डीपीएस के छात्रों व उनके अभिभावकों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
किशनपुर घुड़दौड़, रामपुर रोड, हल्द्वानी निवासी त्रिलोक सिंह पुत्र पान सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 15.10.2025 को उनके पुत्र दक्ष सिंह का वार्षिकोत्सव था, वार्षिकोत्सव में उनका बड़ा पुत्र हृदयांश सिंह भी गया था। डीपीएस स्कूल गेट के पास रात्रि के लगभग 8.00 बजे उनके पुत्र हृदयांश सिंह के ऊपर प्रवलजीत सिंह, कमलजीत सिंह नट, निर्मल नट, प्रभजोत नट, नवजोत नट, प्रवर निगल्टिया, रणवीर भात इत्यादि लोगों ने हमला कर मारपीट की।
त्रिलोक सिंह ने बताया कि उन्हें स्कूल द्वारा सूचना मिली कि आपके पुत्र के साथ मारपीट की गयी है। तो वह तुरन्त स्कूल पहुँचे इतने में उक्त लड़कों के साथ लाखन सिंह निगल्टिया भी आ गया। उक्त सभी व्यक्तियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उनके कपड़े फाड़ दिये और उनकी सोने की चैन भी साथ ले गये।
त्रिलोक सिंह ने बताया कि उक्त लड़के दो थार कार, एक वरना, एक वेन्टो और एक रूबीमौन, एक इन्डिवर और एक्सयूवी 700 में आये थे। वार्षिकोत्सव में आये लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। उक्त सभी लोग उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी चार गाड़ियां वहीं छोड़ कर भाग गये।
त्रिलोक सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 310(2), 351(2), 352(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई रोहिताश सिंह के सुपुर्द की है।
वहीं, लामाचौड़, हल्द्वानी निवासी लाखन निगल्टिया पुत्र हीरा सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके बेटे के स्कूल में विद्यालय का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम था। उनका पुत्र प्रवर जो डीपीएस में कक्षा 10 का छात्र है, कार्यक्रम मे गया हुआ था। स्कूल परिसर में दिनांक 15.10.2025 को सायं लगभग 7-8 बजे के बीच उनके बेटे के साथ विद्यालय परिसर के अन्दर-बाहर से आये हुए बच्चों व अराजक तत्वो ने जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिसमें उसको गंभीर चोट आई है और उसके हाथ की उंगली फ्रेक्चर हो गई है।
लाखन ने बताया कि उक्त घटना में उनके बेटे के साथ के अन्य लोगों को भी चोट आई है, उक्त घटना की सूचना उन्हें विद्यालय से प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होने के तुरन्त बाद वह विद्यालय परिसर में आये तो वहां पर उनके बेटे के साथ मारपीट करने वाले हृदयांश के साथ वहां के लगभग 30 से 40 लोग मौजूद थे जो वहां का माहौल शान्त करने के बजाय माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे और एसा प्रतीत हो रहा था जैसे ये लोग लड़ाई को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। उसके बाद वह अपने बेटे को लेकर हॉस्पिटल गये और उसका इलाज कराया।
लाखन निगल्टिया की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हृदयांश के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई भूपेन्द्र सिंह मेहता के हवाले की है।
#haldwani_news #haldwani_city



