काशीपुर (महानाद) : एक सीएससी सेंटर संचालक ने एक व्यक्ति पर फोटोस्टेट के पैसे मांगने पर उसका सीएससी सेंटर बंद कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मौहल्ला आदर्श नगर, महुआखेड़ा गंज निवासी शमशाद हुसैन पुत्र दिलशाद हुसैन ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 5.2.2026 की सुबह के 11ः30 बजे संजय कुमार उर्फ भोगराज पुत्र नत्थू सिंह निवासी ग्राम बघेलेवाला उसके सीएससी सेंटर पर आया और उससे कुछ कागजों की फोटो कॉपी करवाई, जिसके 30 रुपए बनते थे।
शमशाद ने बताया कि जब उसने फोटो स्टेट के 30 रुपये मांगे तो वह उसे धमकाने लगा और बोला कि मैं तेरा सीएससी सेंटर बंद कर दूंगा, मुझसे पुलिस वाले तथा एसडीएम/तहसीलदार काशीपुर भी डरता है, तू क्या चीज है। इसी के साथ वह उसे गंदी-गंदी गालियां देने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।
शमशाद ने बताया कि उसके द्वारा विरोध करने पर भोगराज अपना मोबाइल फोन निकाल कर उसकी वीडियो बनाने का प्रयास करने लगा जब उसने उसे मना किया तो वह क्रोधित हो गया जिस पर उसने अपनी दुकान के दरवाजे पर आकर अन्य दुकानदारों को बुलाया कि यह मुझे धमकी दे रहा है, इसके पास कोई हथियार हो सकता है, जिस पर अन्य दुकानदारों ने उसकी दुकान पर आकर भोगराज की तलाशी ली परंतु उसके पास कोई हथियार नहीं था, उन सभी दुकानदारों के सामने भी भोगराज ने उसे गालियां व जान से मारने की धमकियां दीं।
शमशाद ने भोगराज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। शमशाद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भागराज के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पैगा चौकी इंचार्ज जसविन्दर सिंह के हवाले की है।



