विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : गड्डा कालोनी निवासी एक युवक ने अपने भाई और उसके साथियों पर उसके घर पर कब्जा करने की कोशिश एवं उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
गड्डा कालोनी, काशीपुर निवासी मंगली सिंह पुत्र स्व. मवासीराम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 24.2.2026 की शाम के 5ः30 बजे के आसपास उसका भाई सूरज चौहान निवासी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद उसके घर पर अपने साथ कुछ लोगों को लेकर आया जिनके नाम सूरज सैन, हरविन्दर सिंह व डॉ. मुनेश निवासीगण ठाकुरद्वारा हैं और सब मिलकर उससे कहने लगे कि ये घर खाली करो, यह घर हमने खरीद लिया है।
मंगली सिंह ने बताया कि जब उसने कहा कि इस मकान और जमीन का मामला काशीपुर कोर्ट में चल रहा है और बिना आदेश के यह मकान कैसे ले सकते हो तो इतना कहते ही उसके भाई सूरज चौहान, सूरज सैन व हरविन्दर सिंह ने उसके व उसके परिवार के साथ मारपीट व गाली गलौज करनी शुरू कर दी। उक्त हरविन्दर सिंह कहने लगा कि यह मकान व उसके पीछे की जमीन मैंने सूरज सैन से खरीद लिया है और इस मकान से निकलो व जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त के द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गयी और मारपीट करी गयी।
मंगली सिंह ने बताया कि और मारपीट में उसे काफी चोटें आई हैं और इस मारपीट में उसकी पत्नी के भी कपड़े फट गये और जब सूरज सैन और हरविन्दर सिंह उनके साथ मारपीट कर रहे थे तो पड़ोसी रेशमा व अन्य लोगों ने उनको उक्त लोगों से बचाया और जाते जाते उक्त लोग उन्हें धमकी दे गये कि मकान खाली नहीं करोगे तो वे उन्हें जान से मार देंगे।
मंगली सिंह ने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सूरज सैन, सूरज चौहान, हरविन्दर सिंह व डॉ. मुनेश के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई संजय सिंह के हवाले की गई है।



