रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के नेतृत्व में एसओजी रुद्रपुर की टीम ने रुद्रपुर के प्रमुख अस्लाह सप्लायर बंटी कोली व उसके एक साथी को मोदी मैदान के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से कंट्री मेड पिस्तौल सहित 9 तमंचे व 18 कारतूस बरामद किये हैं। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से चार-चार राउंड फायर हुए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ‘अपराध मुक्त देवभूमि’ अभियान को सफल बनाने के लिए उनके निर्देश पर अपराध नियंत्रण हेतु जनपद में अवैध शस्त्रों की बरामदगी व अवैध शस्त्रों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तगणों के विरुद्ध एवं सोशल मीडिया पर शस्त्रों के प्रदर्शन/लहराने/फायरिंग आदि घटनाओं की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंर्तगत एसपी सिटी व एसपी क्राइम के पर्यवेक्षण में सीओ ऑपरेशन के नेतृत्व में एसओजी की टीम द्वारा काफी दिनों से जनपद मे अवैध अस्लाहों कि तस्करी में लिप्त अभियुक्तगणों के विरुद्ध सुरागरसी व पतारसी की जा रही थी।
उक्त क्रम में दिनांक 15.3.2026 को एसओजी प्रभारी मय टीम के क्षेत्र में मामूर थे तो सिड़कुल क्षेत्र मे मुखबिर ने सूचना दी कि एक दो दिन पहले रुद्रपुर क्षेत्र में जो अवैध तमंचा व अस्लाह सप्लाई करने वाले बदमाशों को पुलिस और एसटीएफ टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया था, उन बदमाशों को असलहा बंटी कोली नामक बदमाश द्वारा सप्लाई किया गया था। जिसका काफी लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है और जो आज थोड़े समय बाद ही पुनः असलाह/अवैध तमंचों की डिलीवरी देने मोदी मैदान के पास आने वाला है और जिसके पास काफी संख्या में अवैध तमंचे, पिस्टल/असलाह मिल सकता है।

सूचना कि गंभीरता को देखते हुए तथा जनपद में फल फूल रहे अवैध अस्लाहों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने हेतु एसओजी की टीम मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मोदी मैदान के पास पहुंची, जहां बंटी कोली व उसका एक साथी मौजूद था। पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली द्वारा पुलिस टीम पर 4 राउंड फायर किए गए। जवाबी कार्यवाही में पुलिस टीम द्वारा भी 4 राउंड फायर किए गए। जिस पर बंटी कोली के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी तथा पुलिस मुठभेड़ के बाद बंटी कोली (24 वर्ष) पुत्र महावीर कोली निवासी वार्ड नंबर 23, रम्पुरा, रुद्रपुर तथा मनोज कुमार (22 वर्ष) पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी चंदेन, बिलासपुर जिला रामपुर को कुल 9 अवैध तमंचे 315 बोर, 16 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और एक पिस्टल .30 बोर के साथ गिरफ्तार किया गया।
बंटी कोली और उसके साथी द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर करने पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में उनके खिलाफ बीएनएस की धारा 109/111 और 3,5, 25, 26, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया तथा घायल बंटी कोली को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया।
#rudrapur_news



