रुद्रपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने नवरात्रि व ईद-उल-फितर पर जनपद में शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
आपको बता दें कि चैत्र नवरात्रि एवं ईद-उल-फितर पर्वों के मद्देनजर एसएसपी अजय गणपति ने जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि त्यौहारों के दौरान शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसएसपी गणपति के निर्देशानुसार पूरे जनपद में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। संवेदनशील, अति-संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। प्रमुख चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की लगातार उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। पुलिस द्वारा दिन-रात गश्त बढ़ा दी गई है तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अवांछनीय घटना की संभावना को पहले ही समाप्त किया जा सके।
नवरात्रि के दौरान प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का निर्धारण, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
उधर, ईद-उल-फितर के अवसर पर जनपद की सभी प्रमुख मस्जिदों एवं नमाज स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। नमाज के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि नमाज शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। नमाज स्थलों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
चेकिंग व निगरानी अभियान –
जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। होटल, ढाबों व सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस द्वारा समय-समय पर जांच की जा रही है। फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर सख्ती –
एसएसपी अजय गणपति द्वारा सोशल मीडिया सेल को पूर्णतः सक्रिय कर दिया गया है। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम सहित सभी प्लेटफॉर्म्स पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, फेक न्यूज या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी नागरिक आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें और त्यौहारों को शांति व उल्लास के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे साझा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।



