विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक युवक ने 10 लड़कों पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक का सिर फट गया और उसके 5 टांके आये हैं।
छीना फार्म, ढकिया गुलाबो, काशीपुर निवासी अंकित चौहान पुत्र हृदयेश चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका एक ऑफिस नेहा गैस एजेन्सी के पास, मौ. आर्य नगर, काशीपुर, जिला ऊधम सिंह नगर में है, जिस पर वह अक्सर बैठता है। दिनांक 21.04.2026 की रात्रि के लगभग 9.00 बजे वह अपना ऑफिस बंद कर रहा था, तभी जतिन पुत्र उमेश कुमार निवासी मौ. किला, फसियों वाली गली, काशीपुर, आयुष व गौतम निवासीगण वाल्मीकि सभा के पास, काशीपुर तथा अन्य सात अन्य लड़के जोकि मोटर साइकिल पर वेवजह गालियां बक रहे थे।
अंकित ने बताया कि जब उसने उनसे गालियां देने से मना किया तो वह आग बबूला हो गये और उन्होंने उसकी हत्या करने की नीयत से उसे बेवजह बैल्ट आदि से बुरी तरह मारने पीटने लगे और उसके सिर पर हत्या करने की नीयत से प्रहार किया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और अपनी जान बचाकर पास में ही एक मेडिकल स्टोर में घुस गया।
अंकित ने बताया कि उक्त लोगों ने उसके साथ-साथ मेडिकल स्टोर वालों पर भी हमला कर दिया। फिर उसके बाद वह मेडिकल स्टोर के बाहर भागा तो आस-पास के दुकानदार व जगरूप आदि ने उसे बचाने का प्रयास किया तो इन लोगों ने उन लोगों को भी बुरी तरह से मारा-पीटा तथा उसकी गाड़ी के शीशे व मोबाइल भी चकनाचूर कर दिया।
अंकित ने बताया कि उक्त लोग उसे तब तक मारते रहे जब तक वह अधमरा नहीं हो गया, फिर उसे मरा हुआ समझकर एलानिया धमकी देकर गये हैं कि यह इलाका हमारा है, यदि यहां कोई रहेगा तो हमारे नीचे रहना होगा। उक्त लोगों ने उसे मां बहन की गंदी गंदी गालियां भी दी तथा जान से मारने की धमकी दी। घायल अवस्था में उसे आस पास के दुकानदार लोग कोतवाली लेकर गये जहां पुलिस द्वारा एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर में चिकित्सकीय परीक्षण किया गया,उसकी हालत को गम्भीर देखते हुए हायर सेंटर में रैफर कर दिया गया।
अंकित ने बताया कि वर्तमान में उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उक्त मारपीट में उसका सिर फट गया और लगभग पांच टांके आये हैं और उसके पूरे शरीर पर भी अन्य कई घाव आये हैं। उसने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
अंकित चौहान की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जतिन, आयुष, गौतम व अन्य 7 लड़कों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 324(4), 351(3), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह सामंत के सुपुर्द की है।
kashipur_city | kashipur_news



