रामनगर (महानाद) : पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी कैफे होम स्टे को सीज कर उसके मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया।

आपको बता दें कि कोसी कैफे होमस्टे, कानिया से संबंधित मामले में दिनांक 18-04-2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर कोतवाली रामनगर में धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमें दर्ज कर गुमशुदा नाबालिगों की तलाश प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो नाबालिगों को होटल कोसी कैफे होमस्टे के कमरों से बरामद किया गया। मामले में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 137(2), 64(1), 65(1) बीएनएस व 3/4 पोक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई तथा अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर रिमाण्ड पर लिया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि होटल संचालक द्वारा संबंधित व्यक्तियों की एंट्री आगन्तुक रजिस्टर में दर्ज नहीं की गई तथा न ही उनकी आईडी ली गई। निरीक्षण के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।
जांच में पीड़िताओं, गवाहों एवं स्थानीय व्यक्तियों के बयानों के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी द्वारा नाबालिगों के आगमन की सूचना दर्ज नहीं की गई तथा आवश्यक पहचान पत्र भी नहीं लिए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उक्त होमस्टे का उपयोग अवैध गतिविधियों एवं गंभीर अपराधों में किया जा रहा था।
उक्त होमस्टे का पंजीकरण जिला पर्यटन अधिकारी, नैनीताल द्वारा जारी किया गया था, जिसे वर्तमान में मौ. अदनान द्वारा संचालित किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका के चलते उक्त होमस्टे को सीज करने एवं उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने हेतु संबंधित प्राधिकारी को संस्तुति प्रेषित की गई है।
वहीं, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विवेचक द्वारा मामले में गहन जांच की गई, जिसमें अहम साक्ष्य संकलित किए गए।
विवेचना के क्रम में यह पाया गया कि होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी पुत्र नवीन चन्द्र निवासी कोसी डोलघर, थाना व जिला अल्मोड़ा द्वारा यौन अपराध से संबंधित मामले में संरक्षण एवं सहायता प्रदान की गई। उक्त तथ्य के आधार पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्त भास्कर जोशी को गिरफ्तार कर लिया।



