पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : पैरावेट कर्मियों की उत्तराखंड एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को प्रदेश भर के पैरावेट कर्मियों ने दस सूत्री मांगों को लेकर अपने-अपने ब्लॉक एवं नजदीकी पशु चिकित्सालयों में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पैरावेट कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण सांकेतिक धरना देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में प्रशिक्षित पैरावेट कर्मियों को पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सालयों एवं पशु सेवा केंद्रों में एआई तकनीशियन के पदों पर समायोजित किया जाना तथा सभी पैरावेट कर्मियों को 25,000 रुपये प्रतिमाह समान मानदेय दिया जाना प्रमुख हैं।
प्रदेश महासचिव सुधेश चौहान ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में पैरावेट कर्मियों ने एकजुट होकर संगठन की ताकत का परिचय दिया है। पैरावेट कर्मी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं और सरकार से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा कि यदि 15 अगस्त के बाद भी सरकार द्वारा दस सूत्री मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत भूख हड़ताल/आमरण अनशन जैसे आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति बनाई जा रही हैं।

प्रदेश महासचिव ने सभी पैरावेट साथियों का कार्यक्रम सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पैरावेट कर्मियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और अधिकार एवं सम्मान की लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।
धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव सुधेश चौहान, पीयूष कुमार, अरविंद कुमार, अजय कुमार, भूपेंद्र चौधरी, तरुण सिंगल, रवि कुमार, पंकज कुमार, महिपाल सिंह, धीरेंद्र राणा, प्रताप सिंह, आकाश रस्तोगी, अनमोल, अंशुल कुमार, तेजपाल सिंह, पंकज यादव, अमित चौहान, इंदर सिंह, सोमनाथ सिंह समेत जसपुर ब्लॉक के समस्त पैरावेट कर्मी उपस्थित रहे।



