spot_img
spot_img
Monday, August 24, 2026
spot_img

कुंभ से पहले हरिद्वार में बिछेगी PNG की पूरी पाइपलाइन

देहरादून (महानाद) : मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन और कनेक्शन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही PNG पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। खास तौर पर कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में PNG से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी जिलों में संबंधित एजेंसियों को अपनी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि नई सड़कों और प्रस्तावित निर्माण कार्यों में पहले से ही PNG पाइपलाइन के प्रावधान किए जा सकें। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व संसाधनों की बचत होगी।

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को PNG इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गैस कंपनियों को भूमि आवंटन, किराये और लीज से जुड़ी स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग पॉलिसी को भी शामिल करने को कहा गया। साथ ही सड़कों और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को खोदाई के बाद पूर्व स्वरूप में जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक एजेंसी को विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम तैयार कर हर सप्ताह के लक्ष्य तय करने को कहा, ताकि साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा के आधार पर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके।

मुख्य सचिव ने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और गैस एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बी.एल. राणा, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती सहित विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles