spot_img
spot_img
Wednesday, March 11, 2026
spot_img

गदरपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, हत्यारे फरार

गदरपुर (महानाद) History Sheeter Murder : बाइक सवार दो युवकों ने दुकान पर खड़े एक युवक की कमर में गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी गदरपुर ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बता दें कि चंदनपुरा निवासी जसवीर सिंह उर्फ पिच्छू (28 वर्ष) एक हिस्ट्रीशीटर था। उस पर लूट और राहजनी आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार की शाम लगभग 7.30 बजे जसवीर अपने भतीजे को सामान दिलवाने के लिए लिंक मार्ग पर स्थित एक दुकान पर आया था। इस बीच एक बाइक पर सवार दो युवकों ने जसवीर को अपने पास बुलाया। जैसे ही जसवीर उनके पास पहुंचा तो एक युवक ने जसवीर की कमर से तमंचा सटाकर गोली मार दी और दोनों बाइक सवार फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन फानन में जसवीर को सीएचसी गदरपुर पहुंचाया। जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव सरना ने उसे मृत घोषित कर दिया। जसवीर की मौत ज्यादा खून बह जाने से हुई।

वहीं, सूचना मिलते ही कोतवाल गदरपुर विजेंद्र शाह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह तथा सीओ बाजपुर वंदना वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जसवीर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था।

घायल जसवीर सिंह ने मौके पर मौजूद लोगों को अपने ऊपर फायर करने वाले हमलावरों के नाम भी बताए थे जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश देनी शुरु कर दी है।

एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी सहित पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। जांच के बाद मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles