विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक महिला दुकानदार ने दूसरी महिला दुकानदार के खिलाफ उसकी चलती दुकान से जलकर रंजिश के तहत उसके व उसके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
डिफेंस कालोनी, काशीपुर निवासी शशी देवी पत्नी अशोक कुमार ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी दुकान से थोड़ी दूर पर पवन देवी पत्नी मोहन झा की दुकान है, विगत कुछ महीनों से उनकी दुकान पर आ रहे ग्राहकों को पवन देवी देखकर जलती थी और ग्राहकों को रास्ते में रोककर कहती थी कि तुम हमारी दुकान से सामान लिया करो, इसकी दुकान से नहीं और इस कारण पवन देवी व उसका परिवार मेरे परिवार से रंजिश रखने लगा।
शशी देवी ने बताया कि घटना दिनांक 18.10.2025 की रात्रि समय करीब 7ः45 बजे की है। वह अपने कार्य से पवन देवी की दुकान के सामने से रास्ते से होकर अपने घर आ रही थी, तभी पवन देवी ने उनका रास्ता रोककर उनके साथ गाली-गलौज करते हुये बोली कि तू बहुत ग्राहकों को छीन रही है, तेरी दुकान की वजह से मेरी दुकान नहीं चल रही है, मेरी दुकान ठप हो गयी है, आज तुझे अपने पति मोहन झा व पुत्रों से पिटवाकर तेरी दुकान बन्द करा दूंगी।
शशी देवी ने बताया कि जैसे-तैसे वह पवन देवी से अपना पीछा छुड़ाकर अपने घर आ गई और सारी बात अपने पति अशोक कुमार को बतायी, तभी कुछ समय बाद रामरूचि व गौतम पुत्रगण मोहन झा व उनका रिश्तेदार आशीष अपनी मोटर साइकिल से आये और मोटर साइकिल उनकी दुकान के आगे रोकी और उनके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी और उनके उल्टे हाथ पर उक्त लोगों द्वारा नुकीली धारदार चीज से वार किया, जिससे उनके उल्टे हाथ की उंगुली कट गई, उन्हें बचाने उनके पति अशोक कुमार आये तो उक्त लोगों ने उनके पति के सिर पर नुकीली धारदार चीज से वार किया, जिससे उनके सिर पर चोट आयी और नाबालिग पुत्री व पुत्र द्वारा आकर बीच-बचाव कराये जाने पर, उक्त लोगों की मारपीट के कारण उन्हें भी चोटें आयी।
उन्होंने बताया कि मौके पर आस-पास पडोस के बहुत से लोगों के आ जाने पर उपरोक्त लोग मुझे व मेरे परिवार को मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। उन्होंने उक्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शशी देवी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उक्त 4 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(2), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मीनाक्षी मनराल के हवाले की है।
kashipur_city | kashipur_news



