विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप सिंह ने मौ. अल्ली खां में लगी हुई 163 बीएनएस को आज समाप्त कर दिया। आपको बता दें कि विगत दिनों अल्ली खां में आई लव मुहम्मद जुलूस निकालने के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला कर 2 गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया था, जिसके बाद एसडीएम ने 22.9.2025 को सायं 7 बजे से सुबह 7 बजे तक के लिए क्षेत्र में धारा 163 बीएनएस लगा दी थी। इसको लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम से मिला था और इसे समाप्त करने की मांग की थी।
आपको बता दें कि आज एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने उक्त क्षेत्र से धारा बीएनएस को समाप्त कर दिया है। उक्त आदेश जारी करते हुए एसडीएम ने कहा कि दिनांक 22.09.2025 को प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली काशीपुर, जिला उधम सिंह नगर की आख्या के आधार पर दिनांक 22.09.2025 से प्रत्येक दिन सांय 7 बजे से प्रातः 7 बजे तक धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता प्रभावी की गयी है।
वर्तमान में पुनः प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली काशीपुर द्वारा आख्या दिनांक 14.10.2025 उपलब्ध कराते हुए अवगत कराया गया है कि प्रश्नगत मामले में घटना में सम्मिलित 33 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है एवं वर्तमान में अल्ली खां की स्थिति सामान्य है, जिस कारण चुंगी तिराहा बांसफोड़ान से किला तिराहा, करबला आदि क्षेत्र में धारा 163 बीएनएस की आवश्यकता प्रतीत नहीं होती है।
अतः प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, काशीपुर की उपरोक्त आख्या के आधार पर दिनांक 22.09.2025 से प्रभावी धारा 163 बीएनएस को तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाता है।
अल्ली खां क्षेत्र से धारा 163 समाप्त किये जाने पर कांग्रेसियों ने एसडीएम अभय प्रताप सिंह का आभार जताया है।



