विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक युवक ने युवकों पर उसके घर में घुसकर बाइकें व वाशिंग मशीन तोड़ने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
लक्ष्मी पैलेस के पास, मधुवन नगर, काशीपुर निवासी भुवन सक्सैना पुत्र महेश चन्द्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 9.8.2025 की रात्रि 11.45 के लगभग अभिषेक नाम का व्यक्ति और उसके साथ सौरभ चौधरी, कुनाल, नवनीत उसके घर का दरवाजा तोड़ कर घर में घुस आये और 2 बाइकें वाशिंग मशीन भी तोड़ दी व उसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की व लाठी डंडो से उसके सिर पर वार किया और जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी देकर गये।
भुवन ने बताया कि उसके शोर मचाने पर मौहल्ले के बहुत सारे लोग इकट्टा हो गये, जिन्होंने इस घटना को देखा है। अभिषेक व उसके साथ आये लड़कों की मारपीट के कारण उसके सिर में 6 टांके आये हैं और शरीर के अन्य अंगो में भी चोटें आयी हैं। इसके बाद उसे 112 के माध्यम से सरकारी अस्पताल पहुँचाया गया जहां उसकी चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, उसका इलाज इस समय मुरादाबाद रोड पर एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसने उक्त युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
भुवन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उपरोक्त 4 युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 331(4), 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई कपिल काम्बोज के सुपुर्द की है।



