रामनगर (महानाद) : खुलेआम सट्टा खिलाने से मना किया तो पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर तमंचे की नोंक पर युवक के साथ मारपीट कर उसे लूट लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मौ. बम्बाघेर, रामनगर निवासी कुलदीप माहेश्वरी पुत्र स्व. हरिराज माहेश्वरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 11.09.2025 की रात्रि के लगभग 8.30 बजे वह अपने पड़ोस में स्थित दुकान में सामान लेने गया तो उसने देखा कि विभिन्न मुकदमों का अपराधी तथा गैंगस्टर वसीम खान पुत्र पुत्तन खान जिसके द्वारा खुलेआम सट्टा खिलाने व चरस एवं गाजा बेचने का कार्य किया जाता है, वह खुलेआम सट्टा खिला रहा था, जिस पर उसने समाज की छवि को खराब करने हेतु वसीम खान से मना किया तो वसीम खान अपने 5 अज्ञात साथियों की मदद से जबरन उसे अपने घर के भीतर ले गया।
कुलदीप ने बताया कि वसीम ने अपनी कमर मे लगाये हुए अवैध तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया तथा गाली गलौच करने लगा, जिसके पश्चात उसके द्वारा गाली गलौज का विरोध करने पर वसीम खान व उसके साथियों ने उसके साथ लात घूंसों से बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी, उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया एवं उसकी जेब मे रखे 2,300 रुपये लूट लिये।
कुलदीप ने बताया कि वसीम ने उसे धमकी दी कि यदि कोई भी कानूनी कार्यवाही करने का प्रयास किया गया तो उसे व उसके परिवार को जान से हाथ धोना पड़ेगा, उसने जैसे-तैसे खुद बीच बचाव कर तथा भाग कर अपनी जान बचाई। उक्त घटना में उसके सिर में खुली चोट, दोनों आँखो में गुम चोट के कारण लाल निशान तथा हाथ पैरों व कंधे मे खुली चोट के निशान हैं।
कुलदीप माहेश्वरी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने वसीम खान व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 190, 309(4), 324(4), 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई जोगा सिंह संधू के हवाले की है।



