सुहानी अग्रवाल
देहरादून (महानाद) : एक युवक ने उसके भाई से ऊंची आवाज में बात करने पर एक युवक को गोली मार दी। उसे ईलाज के लिए दून अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कुमोला रोड, पुरोला, जनपद उत्तरकाशी निवासी शिवम सिंह राणा पुत्र स्व. नौनिहाल सिंह राणा ने नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई दिशान्त राणा (26 वर्ष) दिनांक 19.10.2025 को अपने दोस्त आयुष्मान कौशिक, माही व दिव्या के साथ किसी काम से कैनाल रोड, शराब के ठेके के पास, भाई साहब रेस्टोरेन्ट पर गये थे, जहां किसी बात को लेकर आयुष्मान कौशिक का झगड़ा वासू, विशाल, काव्यांश धामा और रोहन के साथ हो गया। उसका भाई बीच- बचाव करता रहा। इस झगड़े में आयुष्मान कौशिक के चोटें आयी तो उसका भाई दिशान्त, माही, दिव्या, आयुष्मान कौशिक को इलाज व मेडिकल कराने दून अस्पताल ले आये जहां आयुष्मान कौशिक का इलाज डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा था।
शिवम ने बताया कि तभी पूर्व से इलाज करा चुका काव्यांश धामा अस्पताल से बाहर निकलते हुए बड़े गुस्से से मेरे भाई व आयुष्मान कौशिक को घूरते हुए निकल गया, कुछ देर बाद मेरा भाई दिशान्त व माही पानी लेने के लिए अस्पताल के इमरजेन्सी गेट से बाहर दून चौक की ओर गये। थोड़ी दूरी पर ही एक चाय वाला सड़क किनारे खड़ा था, जिसके पास जाकर यह लोग पानी लेने लगे। तभी समय लगभग 3 बजे शिवम ने बताया कि एएक स्कूटी पर दो लड़के इनके पास आये और उसके भाई को गाली देते हुए कहा कि तूने मेरे भाई धामा से कैसे ऊंची आवाज में बाद की, तेरी कैसे हिम्मत हुई। तभी उनमें से एक लम्बे लड़के ने पिस्टल निकालकर उसके भाई के माथे पर लगा दी और बोला कि मार दूं। तभी स्कूटी चला रहे लड़के ने भी गाली देते हुए बोला कि चला दे गोली, लेकिन फिर इन्होंने पिस्टल वापस रखी और स्कूटी लेकर वापस गये व फिर पलट कर आये और स्कूटी पर पीछे बैठे लम्बे वाले लड़के ने जान से मारने की नीयत से उसके भाई दिशान्त राणा पर गोली चला दी।
शिवम ने बताया कि गोली उसके भाई के पेट में लगी और वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। वह दोनों लड़के अपने स्कूटी से मौके से फरार हो गये। उसके भाई को आसपास के लोगों की मदद से तत्काल दून अस्पाल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसे मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसके भाई की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। उसने उपरोक्त दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
शिवम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने काव्यांश धामा, वासू, विशाल, रोहन व 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई संदीप कुमार के हवाले की है।
#dehradun_news @dehradun_city



