हल्द्वानी (महानाद) : एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तल्लीताल पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए सोशल मीडिया के जरिए मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डालने वाले अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। उनके बैंक खातों में करोड़ों के संदिग्ध लेनदेन हुआ है।
आपको बता दें कि 15 नवम्बर 2025 की रात्रि को एसपी डॉ. जगदीश चन्द्र एवं सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भेड़ियापखाण मोड़, दोगांव के पास एक संदिग्ध नेक्सन कार एचआर 98 पी-1642 रोक कर चेकिंग की तो कार में सवार 4 युवकों के पास से 11 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 1 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 क्यूआर कोड, 2 चेक बुक, 1 क्रेडिट कार्ड तथा 9 डेबिट कार्ड बरामद हुए।
उनके पास से बरामद संदिग्ध जीजों के बारे में पूछताछ की गई तो युवकों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से मोबाइलों में एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते थे। मोबाइल हैक होने के बाद पीड़ित के बैंक से आने-जाने वाले लेनदेन की जानकारी उन्हें मिल जाती थी। इसके बाद कमीशन के लालच में वे होल्डर तैयार कर ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा देते थे, ताकि पुलिस की नजर में न आएं।
उनके पास से बरामद तीन क्यूआर कोड में से एक क्यूआर कोड पर दर्ज खाता दिल्ली के थाना शाहदरा में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2025 से जुड़ा पाया गया। इस संबंध में नैनीताल पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी –
शुभम गुप्ता (29 वर्ष) पुत्र संजीव गोयल निवासी अलवर, राजस्थान (वाहन चालक)
पीयूष गोयल (23 वर्ष) पुत्र संजय गोयल निवासी जहांगीराबाद, बुलंदशहर
ऋषभ कुमार (25 वर्ष) पुत्र दीपक कुमार निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद
मोहित राठी (25 वर्ष) पुत्र स्व. श्रीराम राठी, 25 वर्ष, निवासी महावीरपुरा, गुरुग्राम
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और अन्य जुड़े खातों की भी जांच कर रही है।
haldwani_news



