विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : बृहस्पतिवार को मेयर दीपक बाली के मार्गदर्शन एवं नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट के सख्त निर्देशों के अनुपालन में, नगर निगम प्रशासन ने निकाय क्षेत्र में जन स्वास्थ्य और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ और स्वच्छता अभियान चलाया।
यह अभियान विशेष रूप से उन अवैध/अवांछित/चिह्नित कूड़ा पॉइंट्स और यूरिनल पॉइंट्स को लक्षित कर रहा था जो सार्वजनिक स्वास्थ्य और शहर की सुंदरता के लिए गंभीर चुनौती बने हुए थे। तत्काल प्रभाव से 6 अवैध कूड़ेदानों को हटाया गया और 2 अस्वच्छ यूरिनल पॉइंट्स को ध्वस्त किया गया। टीम का नेतृत्व व इस अभियान का सफलतापूर्वक नेतृत्व स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट द्वारा किया गया।
जन जागरूकता और जुर्माने के साथ जन संदेश भी दिया गया और अभियान के दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र में नागरिकों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि निगम के कर्मचारी कूड़ा फैलाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखेंगे और कूडा फैलाने वालो पर जुर्माना भी लगाया जायेगा। अभियान के दौरान मौके पर मौजूद 30-35 व्यक्तियों को व्यक्तिगत रूप से समझाया गया कि वे कूड़े को केवल डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालें और जिन क्षेत्रों में वाहन की पहुँच सुनिश्चित नहीं है, वहां के नागरिकों को यह सुविधा दी गई कि वे मोबाइल नंबर 63979 77996 पर अपनी शिकायत दर्ज करें, जिसके उपरान्त कूड़ा संग्रहण वाहन 30 मिनट के भीतर उनके पास उपलब्ध होगा।
इस दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले और कूड़ा फैलाने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही करते हुए लगभग 5000 रुपये के चालान भी किए गए।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील है कि वे निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करें।



