विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : काशीपुर क्षेत्र से गायब हुई एक युवकी को 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं मैनुअल सूचना तंत्र के आधार पर अजमेर से सकुशल बरामद कर उसे भगा ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि दिनांक 5.7.2026 को क्षेत्र की एक युवती को कुमाऊं कालोनी, काशीपुर के मौहम्मद जफर उर्फ आर्यन उर्फ छोटे (23 वर्ष) पुत्र आशफ अली द्वारा बहला फुसलाकर कर ले जाने के संबंध में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। युवक-युवती के अलग अलग समुदाय से संबंधित होने पर इसकी गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि युवती एवं अभियुक्त, दोनों के पास मोबाइल फोन नहीं था। ऐसे में तकनीकी लोकेशन प्राप्त होना संभव नहीं था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और लगातार अथक परिश्रम करते हुए विभिन्न जनपदों एवं राज्यों में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। साथ ही मैनुअल सूचना तंत्र, स्थानीय स्रोतों एवं लगातार फील्ड वर्क के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।
लगातार की गई मेहनत, सटीक विश्लेषण एवं प्रभावी समन्वय के फलस्वरूप पुलिस टीम राजस्थान के अजमेर पहुंची, जहां से युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद युवती द्वारा दिए गए बयानों एवं विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 64ए एवं धारा 351(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। तत्पश्चात अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
उक्त प्रकरण अत्यंत संवेदनशील था, जिसके चलते क्षेत्र में जनभावनाएं भी प्रभावित थीं। पुलिस ने पूरी गंभीरता, संयम एवं पेशेवर ढंग से कार्य करते हुए न केवल युवती को सकुशल बरामद किया, बल्कि पूरे प्रकरण के दौरान कानून-व्यवस्था भी प्रभावी रूप से बनाए रखी।
पुलिस टीम में कोतवाल हरेंद्र चौधरी, एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई कौशल भाकुनी, कां. सुरेंद्र, धीरज, किरन मेहता, पुलिस सहयोगी माजिद
तथा राहुल शामिल थे।
पुलिस की अपील – काशीपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संवेदनशील घटना के संबंध में अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर असत्य या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने से बचें। किसी भी प्रकार की सूचना होने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष, त्वरित एवं कानूनसम्मत कार्रवाई के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।



