गदरपुर (महानाद) : एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कोतवाली गदरपुर पुलिस व औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर दुकानदार को 9416 प्रतिबन्धित कैप्सूल, 1300 टैबलेट व 51 कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में निरंतर सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह व सीओ बाजपुर विभव सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली गदरपुर पुलिस तथा औषधि निरीक्षक ऊधम सिंह नगर, एसटीएफ कुमायूं यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा कल दिनांक 02.03.2026 को मुखबिर की सूचना पर कुमार मेडिकल हॉल/स्टोर, मेन मार्केट, गदरपुर में आकस्मिक चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी ने अपना नाम राजकुमार (53 वर्ष) पुत्र बनवारी लाल निवासी वार्ड नम्बर 1, मेन बाजार गदरपुर बताया।
संयुक्त टीम द्वारा गहन तलाशी लेने पर विभिन्न प्लास्टिक के कट्टों, गत्ते की पेटियों एवं कपड़े के थैलों से भारी मात्रा में प्रतिबन्धित दवाइयां बरामद की गईं। बरामद दवाइयों में कोडीन युक्त कफ सिरप, अल्प्राजोलाम टैबलेट एवं ट्रामाडोल मिश्रित कैप्सूल शामिल हैं, जो एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रतिबन्धित श्रेणी में आती हैं।
तलाशी के दौरान 9416 प्रतिबन्धित कैप्सूल (ट्रामाडोल मिश्रित), 1300 प्रतिबन्धित टैबलेट (अल्प्राजोलाम), 51 अदद प्रतिबन्धित कफ सिरप (कोडीन युक्त) बरामदगी के उपरांत अभियुक्त को धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त से विस्तृत पूछताछ की जा रही है कि उक्त प्रतिबन्धित दवाइयों को वह कहां से लाता था तथा किन-किन स्थानों पर सप्लाई करता था। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी संकलित की जा रही है।
पुलिस टीम में कोतवाल संजय पाठक, औषधि निरीक्षक ऊधम सिंह नगर निधि शर्मा, एसआई नरेश पन्त, एसआई विपिन जोशी एवं गोपाल मठपाल एसटीएफ कुमायूं यूनिट, कां. जितेन्द्र कुमार, दिनेश बिष्ट व दिनेश रावत शरामिल थे।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि है कि जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस का नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।



