पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : जसपुर नगर पालिका के नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) राकेश कोटिया के उस बयान पर हंगामा हो गया जब उन्होंने दो टूक कहा कि ‘मुझे नौकरी बोर्ड व अध्यक्ष ने नहीं दी, मुझे जो करना है मुझे पता है’। इसक बाद पालिका बोर्ड द्वारा भारी विरोध प्रदर्शन के बीच ईओ का बहिष्कार किया गया।
आपको बता दें कि पूर्व में राकेश कोटिया, प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत नानकमत्ता द्वारा 18 जुलाई 2026 को नगर पालिका परिषद जसपुर कार्यालय में अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत कर चार्ज दिये जाने हेतु पत्र प्रेषित किया गया। सभासदों द्वारा राकेश कोटिया की अन्य नगर पंचायत व पालिका से जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें ज्ञात हुआ कि राकेश कोटिया की जनता में छवि अच्छी नहीं है, जिसके कारण नगर के विकास कार्यों में व्यवधान उत्पन्न होने की आशंका है। वहीं, राकेश कोटिया अहंकार में कहते हैं मुझे नौकरी बोर्ड व अध्यक्ष ने नहीं दी है, मुझे जो करना है, मुझे पता है।
जानकारी के अनुसार जनता के द्वारा चुने हुए समस्त वार्डाे के सभासदों द्वारा जनहित कार्यों से सम्बन्धित वार्ता की गई, जिसके सन्दर्भ में वार्ता के दौरान कहा गया कि राकेश कोटिया की समस्त वार्डाे के सभासदों के समक्ष ऐसी भाषा उनके अहंकार को दर्शाती है। जिसको लेकर जसपुर नगर पालिका परिषद के समस्त वार्डाे के सभासदों द्वारा एक शिकायती पत्र दिया गया तथा ईओ की नियुक्ति के विरोध में धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया।
जसपुर पालिका के सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा है कि राकेश कोटिया, प्रभारी अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत नानकमत्ता को जनहित / कार्यहित में तत्काल प्रभाव से अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जसपुर के पद पर तैनात किया गया है, जिसमें समस्त सभासद राकेश कोटिया के अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद जसपुर के चार्ज का विरोध करते हुए सम्बन्धित के स्थान पर अन्य अधिशासी अधिकारी को तैनात करने की माँग की गई।
खबर लिखे जाने तक नगर पालिका जसपुर में सभासदों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी था।
धरना प्रदर्शन स्थल पर सन्तोष रानी सभासद वार्ड नं. 15, सुधीर कुमार सभासद वार्ड नं. 11, ज्योति रानी सभासद मौ. पट्टी चौहान पश्चिमी, नीरज कुमार सभासद वार्ड नं. 6, नेहाज परवीन सभासद वार्ड 19, शहजाद अली सभासद वार्ड नं. 13, अलाउद्दीन सभासद वार्ड नम्बर 14, रुबीना परवीन सभासद वार्ड नं. 18, रूपा देवी सभासद वार्ड नं. 1, निशात परवीन, कमल कुमार वार्ड नं. 10, सुमाईला परवीन सभासद वार्ड नं. 19, नसीम अहमद, गजराज सिंह सभासद वार्ड नं.8, जाकिर हुसैन सभासद वार्ड नं. 7 आदि मौजूद रहे।




