सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : गुमशुदगी की सूचना के मात्र 2 घंटे के भीतर पुलिस ने 16 साल की नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
आपको बता दें कि 24.08.2026 को कोतवाली रामनगर को सूचना प्राप्त हुई कि वादी की 16 साल की नाबालिग पुत्री घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी है। परिजनों द्वारा अपने स्तर से काफी तलाश करने के उपरान्त भी बालिका का कोई पता नहीं चल सका, जिस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं कोतवाल सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में एसआई सोमेंद्र सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारम्भ की गई।
पुलिस टीम द्वारा बालिका के संबंध में उपलब्ध जानकारी, परिजनों से प्राप्त विवरण एवं संभावित स्थानों के संबंध में त्वरित जानकारी एकत्र कर सीसीटीवी फुटेज आदि चेक करलगातार तलाश एवं पुलिस टीम की तत्परता एवं त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप गुमशुदगी की सूचना प्राप्त होने के मात्र लगभग 2 घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ करने पर बालिका ने बताया कि वह अपनी सहेली के साथ पाटकोट घूमने चली गई थी और डर की वजह से घर में नहीं बता रही थी। पूछताछ के दौरान बरामदा बालिका के साथ किसी प्रकार का संज्ञेय अपराध होना प्रकाश में नहीं आया है। बालिका को काउंसलिंग के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।



