काशीपुर : मुख्यमंत्री धामी ने किया भाजपा कार्यालय का भूमि पूजन, किया करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास

0
491

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाजपुर रोड पर भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन कर 287.36 करोड़ की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा 67.91 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारे लिए बड़ी खुशी का दिन है, क्योंकि आज जहां एक ओर मां बाल सुंदरी देवी के आशीर्वाद और आप सभी की सेवा, समर्पण और पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा के बल पर कार्यालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ वहीं जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।

Advertisement

उन्होंने कहा कि हमारे प्रेरणापुंज व एकात्म मानववाद के विचार से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले महान विचारक स्व. दीनदयाल उपाध्याय तथा अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने वाले भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भी नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि अपनी योग्यता व क्षमता के बल पर पोस्टर चिपकाने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है और मुझ जैसा सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति प्रदेश का मुख्य सेवक बन सकता है। क्योंकि हम राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत का अनुसरण करते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जिस ‘नव भारत’ के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें हम सभी ने अपने श्रम की आहूति देनी है तथा ‘एक भारत’ और ‘श्रेष्ठ भारत’ के महासंकल्प को साकार करना है। हमारा देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल व ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाईयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है। आज प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में एक नए भारत की नींव रखी जा रही है। ऐसी नींव जिसमें नया भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। ऐसी नींव जिसमें हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो रहा है। ऐसी नींव जिससे भारत पुनः विश्व गुरू बनेगा। ऐसी नींव जिसमें राम मंदिर सहित अन्य पौराणिक मंदिरों का जीर्णाेद्वार हो रहा है। ऐसी नींव जिसमें हमारी सेना सशक्त और शक्तिशाली बन रही है। ऐसी नींव जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। ऐसी नींव जिसमें अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। ऐसी नींव जिसमें प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक शिक्षा पद्धति के सम्मिश्रण से बनी नई शिक्षा नीति का अनुसरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ‘विकल्प रहित संकल्प’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, लैंड जिहाद और गरीबों को तीन निःशुल्क गैस सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर हमारे द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक कदम इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

उन्होंने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड, अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमें आज यह संकल्प लेना है कि हम बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कहे गए कथन ‘21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’ को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वास दिलाता हूं कि एक नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पहले जब पोलियो आया था, उस पोलियो की वैक्सीन बनाने के लिए कई दशक बीत गए थे, परन्तु जब विश्व में कोरोना आया और डब्ल्यूएचओ कह रहा था कि भारत पूरी दुनिया के लिए मजबूरी बन जाएगा, तब देश में कोरोना से लड़ने लिए वैज्ञानिकों ने एक साल के भीतर दो-दो वैक्सीन तैयार करने का काम किया।

धामी ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा, जोकि पूरे राष्ट्र के लिए मॉडल बनने वाला है। उन्होंने सभी राज्यों से यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठोर भू-कानून बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। लैण्ड जिहाद एवं अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 15 लाख के सापेक्ष 11 लाख 30 हजार घरों को पेयजल उपलब्ध करा दिया गया है। इसके साथ ही कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश को जीरो टॉॉलरेन्स पर काम करते हुए प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना है। प्रदेश के हित में जो भी फैसले हमें लेने हैं वो ले रहे हैं। उत्तराखंड राज्य को जिन फैसलों की आवश्यकता है वह लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि काशीपुर औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हो रहा है। यहां पर समुचित विकास की जो भी आवश्यकताएं हैं उनकी हम समीक्षा कर रहे हैं। उद्योगपतियों के साथ बीते दिनों हुई बैठक में उनकी समस्याओं पर मंथन भी किया है, संवाद भी किया है और उनके सुझाव लेकर कुछ त्वरित निर्णय लिए हैं और दीर्घकालिक निर्णयों को जल्द लेंगे।

काशीपुर जिले के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिलों के नए सृजन के लिए एक कमेटी काम कर रही है और कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जिले बनाये जाएंगे। विधायकों के साथ मिलकर उनके क्षेत्रों के विकास का पहिया तेजी से चलाया जाएगा। काशीपुर के बाईपास और फ्लाईओवर के जल्द निर्माण की बात भी उन्होंने कही। दायित्वों के वितरण पर उन्होंने कहा कि किसी को भी निराश होने की जरूरत नहीं है। यहां सभी कार्यकर्ताओं के काम होते हैं। सभी कार्यकर्ता धैर्यवान हैं। जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।

कार्यक्रम में केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने भी अपने-अपने विचार रखे।

इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, आदेश सिंह चौहान, अरविन्द पाण्डे, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, राकेश तिवारी, विकास शर्मा, राजेश कुमार, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, खिलेन्द चौधरी, राम महरोत्रा, अभिषेक गोयल, मोहन बिष्ट, आशीष गुप्ता आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here