spot_img
spot_img
Tuesday, May 5, 2026
spot_img

श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर शहर भर में निकाला विशाल नगर कीर्तन

आकाश गुप्ता
काशीपुर (महानाद) : सिखों के दसवें गुरु साहिब श्री गुरू गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर शहर में सुंदर झांकियों के बीच भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। निशान साहिब, गुरु गोविंद सिंह की झांकी, नगाड़ा, घुड़सवार के अलावा सिख सेवकों का जत्था, अकाल परब की फौज और पालकी साहिब की यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ।

नगर कीर्तन में जत्थों की ओर से लाउडस्पीकर पर गुरबाणी से पूरा शहर भक्तिमय हो गया। इस दौरान यात्रा मार्ग आकर्षक झालरों, गुब्बारों और पताकाओं से सजाया गया। नगर कीर्तन के दौरान मार्ग में जगह-जगह पानी, मिष्ठान, पकवान आदि खाने-पीने की वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में सुबह दस बजे मौहल्ला पक्काकोट स्थित गुरूद्वारा श्री ननकाना साहिब से नगर कीर्तन शुरू हुआ। ऊंचे-ऊंचे निशान साहिब लगाकर ‘झुलदे ही रहंनगे निशान केसरी, खालसे नु मिली पहचान केसरी, इन सिखन के शीश पर, वार दीये सुत चार, चार मुए तो क्या भया, जीवित कई हजार’ गीत गाते हुए जत्थे निकले। दो निशान साहिब, गुरू गोविंद सिंह की झांकी, नगाड़ा, घुड़सवार, महिला जत्था नगर कीर्तन में शामिल हुए और आकर्षण का केंद्र रहे। उसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब और गुरु गोविंद सिंह की भव्य झांकी, शब्दी जत्थे, समूह गुरुद्वारा साहिब के शब्दी जत्थे, स्कूली छात्र बैंड और छात्राओं ने शब्द कीर्तन कर पंजाबी लोक संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए नगर कीर्तन में चार चांद लगा दिए। नगर कीर्तन में संगत, ‘वाह वाह गोविंद सिंह आपे गुर चेला, सतगुर की सेवा सफल है’ और ‘चरन चलो मारग गोविंद’ आदि शबदों का गायन हुआ।

 

पंच प्यारों के साथ फूलों से सजी सुंदर पालकी में सिखों के परतख गुरु साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब सुशोभित थे। मार्ग में जगह-जगह संगत ने माथा टेक गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। पालकी के आगे झाड़ू सेवा और बाद में अकाल पुरख की फौज ने पुष्प वर्षा की। काली मंदिर रोड, किला तिराहा, मुख्य बाजार, एमपी चौक, चीमा चौराहा, पोस्टमार्टम हाउस रोड, नागनाथ मंदिर तिराहा आदि से होते हुए नगर कीर्तन पुनः गुरूद्वारा श्री ननकाना साहिब पहुंचा। यहां पांच प्यारों की ओर से निशान साहिब झुलाए गए। सभी ने अरदास की। नगर कीर्तन के बाद श्री गुरुग्रंथ साहिब के स्वरूप को गुरुद्वारा साहिब में शानो शौकत के साथ ले जाया गया। इस अवसर पर आतिशबाजी भी हुई। सुरक्षात्मक दृष्टि से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

नगर कीर्तन में गुरूद्वारा श्री ननकाना साहिब प्रमुख बाबा सुरेन्द्र सिंह जी दिल्ली वाले, जगजीत सिंह कोहली, जसपाल सिंह चड्ढा, गुरविंदर सिंह चण्डोक, कुलवंत सिंह, निर्मल सिंह आदि शामिल रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles