यूपी में फिर से आ गये बुलडोजर बाबा, तोड़ दिये सारे मिथक, भाजपा को मिली 273 सीटें

0
571

लखनऊ (महानाद) : यूपी में एक बार फिर से बुलडोजर बाबा ने भगवा लहरा दिया। सारे मिथक तोड़ते हुए यूपी के मुख्यमंत्री योगीआदित्यनाथ ने भाजपा को दोबारा से सत्ता में पहुंचा दिया। यूपी विधानसभा की 403 सीटों में से भाजपा गठबंधन को 273 सीटें मिली हैं। वहीं 400 सीटे जीतने का दावा करने वाले अखिलेश की समाजवादी पार्टी महज 125 सीटों पर सिमट गई। वहीं, मायावती की बसपा को 1 तो प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ी कांग्रेस को मात्र 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा।

बता दें कि इस बार यूपी में कई मिथक टूट चुके हैं। यूपी में मिथक था कि जो मुख्यमंत्री नोएडा जाता है उसकी कुर्सी चली जाती है। वह दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाता। लेकिन योगी आदित्यनाथ अपने शुरुआती दौर में ही नोएडा गये और पूरे 5 साल मुख्यमंत्री बने रहे। वहीं 37 साल बाद प्रदेश में लगातार दूसरी बार किसी पार्टी की सरकार बन रही है और योगी दूसरी बार मुख्यमंत्री।

Advertisement

वहीं, गोरखपुर की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। सदर सीट से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए समाजवादी पार्टी के उपेन्द्र दत्त शुक्ला को 1,03,390 वोटों से हराया। वहीं, चंद्रशेखर रावण के सारे वादे फेल हो गये उन्हें मात्र 7,640 वोट मिले।

बता दें कि चंद्रशेखर ने बड़े-बड़े दावे करते हुए मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। टीवी के सामने वे इंटरव्यू में बड़े बड़े दावे करते रहे। मतदान के दौरान चंद्रशेखर ने कहा था कि हमारा मोर्चा यूपी में 403 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है और हमें भरोसा है आजाद समाज पार्टी यूपी में बड़ी ताकत बनेगी और हमारे बिना सरकार नहीं बनेगी। लेकिन यूपी की जनता ने माफियाओं के घर पर बुलडोजर चलाने वाले ‘बाबा’ योगी आदित्यनाथ को यूपी की सत्ता एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सौंप दी।

वहीं, 5 में से 4 राज्यों में भाजपा को मिले जनादेश पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्प्तिवार को दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज उत्साह का दिन है, उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। भाजपा के पक्ष में दिये उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से बीजेपी का समर्थन किया वह अपने आप में बड़ा संदेश है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करता हूं। उन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है। यूपी ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार आई है।

मोदी ने कहा कि तीन राज्यों- यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे एग्जिट पोल गलत निकल गए और वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य, मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त एक राज्य और पूर्वाेत्तर सीमा पर एक राज्य, भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है। इन राज्यों की चुनौतियों भिन्न हैं, सबकी विकास यात्रा का मार्ग भिन्न है, लेकिन सबको जो बात एक सूत्र में पिरो रही है, वो है- भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास।

इइस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यूपी में 4 बार नरेंद्र मोदी को प्रदेश की जनता ने लगातार अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 लोकसभा में प्रचंड जीत हासिल हुई थी, 2017 में प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया था। 2019 में जनता ने फिर से लोकसभा में आशीर्वाद दिया था। इस बार 2022 में चौथी बार भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया है।

नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है। लंबे समय तक एक राजनीति चल रही थी। वह राजनीति थी भाई, भतीजावाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद।अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति है। काम करोगे, जनता के बीच में जाओगे और जनता का आशीर्वाद लोगे। आज विकास की राजनीति है, महिला सशक्तिकरण, किसानों का सशक्तिकरण की राजनीति है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here