विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : पुलिस ने 31 अगस्त की रात्रि को शांति नगर, रम्पुरा में हुई जसवीर सिंह टोनी की हत्या का खुलासा करते हुए 3 हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बाइक व अवैध तमंचा बरामद कर लिया। टोनी की हत्या मोटर साईकिल से चाबी निकालने के विवाद को लेकर की गई थी।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि शांति नगर, रम्पुरा, काशीपुर निवासी हरप्रीत उर्फ हैप्पी पुत्र जसवीर सिंह उर्फ टोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि बीती 31 अगस्त की रात को उसके पिता जसवीर सिंह की अमान, इमरान और फरदीन ने गोली मारकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
उनके (एसएसपी मणिकांत मिश्रा) के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी और आज 2 सितम्बर की सुबह जैतपुर तिराहे से तीनों फरार आरोपियों को दबोच कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक अवैध तमंचा बरामद कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त –
1. अमान अंसारी उर्फ अमन उर्फ एमी पुत्र इदरीश अहमद, निवासी नई बस्ती विजयनगर, काशीपुर
2. इमरान अंसारी पुत्र नवाब अंसारी, निवासी उपरोक्त
3. फरदीन अंसारी पुत्र अमीर जंहा, निवासी उपरोक्त
इस दौरान एसएसपी मिश्रा ने कहा कि अपराध कर फरार होने वाले किसी भी अपराधी को पुलिस बख्शेगी नहीं। जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की मजबूती हमारी पहली प्राथमिकता है। हत्या जैसे संगीन मामलों में शामिल आरोपियों को हर हाल में जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।



