सलीम अहमद
रामनगर (महानाद) : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में एक 8-10 साल के बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव विच्छेदन कर उसके शव को निस्तारित कर दिया।
आपको बता दें कि दिनांक 18.05.2026 को गश्त के दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज के अन्तर्गत धारा ब्लॉक, धारा बीट में प्रातः लगभग 9.10 बजे धारा स्रोत के सहायक नाले के समीप गश्ती दल द्वारा एक नर बाघ को मृत अवस्था में देखा गया। जिसकी सूचना गश्ती दल के द्वारा उच्चाधिकारियों को दी गयी।
सूचना पर तत्काल उच्चाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके पर बाघ के समस्त अंग सुरक्षित पाए गए। घटनास्थल के आस-पास गहन कॉम्बिंग की गयी। उक्त वन क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि/वस्तु नहीं पायी गयी।
पशु-चिकित्साधिकारियों के पैनल द्वारा वन अधिकारियों/कर्मचारियों तथा एनजीओ के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित एसओपी के अनुसार उक्त बाघ का शव विच्छेदन कर शव निस्तारित किया गया। पशु चिकित्साधिकारियों के पैनल के द्वारा उक्त नर बाघ की आयु लगभग 8- 10 वर्ष आंकी गयी।
शव विच्छेदन के दौरान आवश्यक आंतरिक अंगों के नमूने एकत्र किए गए जिनको आईवीआरआई बरेली एवं भा. वन्यजीव संस्थान देहरादून को जांच हेतु भेजे जा रहे हैं। बाघ की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम एवं भेजे गए नमूनों के रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।
मौके पर उप निदेशक, का.टा.रि. रामनगर (नैनीताल) राहुल मिश्रा, उप प्रभा. वना. बिजरानी / पार्क वार्डन, रामनगर बिन्दर पाल, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, का.टा.रि. डॉ. दुष्यन्त शर्मा, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी, हल्द्वानी डॉ. राहुल सती, वन क्षेत्राधिकारी, कालागढ़ रेंज नन्द किशोर रूवाली, वाइल्ड लाईफ वेलफेयर फाउण्डेशन विरेन्द्र अग्रवाल, वन दरोगा, कालागढ़ रेंज सोहन सिंह पटवाल, वन आरक्षर जगमोहन सिंह रावत, ललित मोहन चन्द्र तथा डब्लूडब्लूएफ के राहुल पण्डग्रि मोजूद थे।



