विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : साधू के वेश में आया एक लुटेरा कार सवार व्यक्ति से उसकी हीरे की अंगूठी और 350 रुपये लेकर भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लुटेरे की तलाश शुरु कर दी है।
कवि नगर, काशीपुर निवासी हरीश चन्द्र कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनाक 6 अगस्त 2026 को दिन के लगभग 1.30 बजे वह अपनी पत्नी संग अपनी कार से रामनगर की ओर जा रहे थे तो अनन्या होटल के पास फ्लाई ओवर के नीचे सर्विस रोड पर एक साधु सा दिखने वाला व्यक्ति अचानक उनकी कार के सामने आ गया और उनकी कार रुकवा दी।
हरीश चन्द्र कुमार ने बताया कि वह गाड़ी का शीशा नीचे करवा कर पैसे माँगने लगा। उन्होंने उसे 200 रुपये देने चाहे तो उसने उनसे बड़े नोट की माँग की, उनके मना करने पर उसने उनकी अंगुली में पहनी सोने की डायमण्ड जड़ित 2 लाख रुपये कीमत की अगूँठी को खोल कर देने को कहा। उनके मना करने पर वह जिद कर के मांगने लगा, कहने लगा कि देखने के लिए दे दो वापस कर दूँगा।
हरीश चन्द्र कुमार ने बताया कि जैसे ही उन्होंने उसे अंगूठी उतार कर दी वह अगूँठी और 350 रुपये (जो उन्होंने उसे पहले दिये थे) को लेकर भाग गया। काफी देर बाद उन्हें अपने लुट जाने का अहसास हुआ।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लुटेरे के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लुटेरे की तलाश शुरु कर दी है।



