spot_img
spot_img
Friday, August 14, 2026
spot_img

अस्पतालों में मरीजों को न लिखें बाहर की दवायें : डीएम

हल्द्वानी (महानाद) : डीएम ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेस अस्पताल हल्द्वानी, महिला अस्पताल हल्द्वानी, नैनीताल और रामनगर के चिकित्सा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ दवा, उपकरण, रखरखाव, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम रयाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सभी प्रमुख व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवा न लिखी जाए।

बैठक में चिकित्सा संस्थानों की जरूरतों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने अस्पतालों में गार्बेज के उचित निस्तारण, आवश्यक रखरखाव कार्य, भवन एवं सुविधाओं से जुड़े कार्य तथा मरीजों की सुविधा के लिए जरूरी उपकरण और दवाओं की उपलब्धता से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।

बीडी पांडेय चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था हेतु निर्देशित किया गया। 5 इनवर्टर क्रय करने हेतु अनुमति दी गई। आवश्यकीय दवाओं और जच्चा बच्चा हेतु क्रय करने हेतु स्वीकृति दी गई। चिकित्सालय में विभिन्न लघु आवश्यकीय मरम्मत की स्वीकृति दी गई। बड़े कार्यों को लेकर शासन को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए। छोटी एंबुलेंस क्रय करने की अनुमति दी गई। आवश्यकीय स्वीकृत पदों के सापेक्ष आउटसोर्स कार्मिकों को नियमानुसार रखने की भी स्वीकृति दी गई।

सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में स्वीकृत पदों में तैनाती हेतु शासन को शीघ्र पत्राचार करने, पुराने आवासों को मरम्मत के साथ साथ नवनिर्मित भवनों के शीघ्र हस्तांतरण को लेकर अवशेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश, इलेक्ट्रिक स्टेबलाइजर और ओटी हेतु आवश्यक उपकरण क्रय करने हेतु स्वीकृति, पुरानी देयता का भुगतान सीएमओ/पीएमएस जांच उपरांत करेंगे।

महिला चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए शौचालय समेत अन्य निर्माण एवं रखरखाव संबंधी कार्यों पर भी चर्चा हुई। वहीं महिला अस्पताल में लघु निर्माण और आउटसोर्स कार्मिकों की तैनाती के निर्देश दिए गए।

रामनगर चिकित्सालय में आईसीयू के शीघ्र संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों को बाहर की दवा न लिखने के सख्त निर्देश –
डीएम रयाल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सभी प्रमुख व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर से दवा न लिखी जाए। अस्पतालों में आवश्यक जेनरिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को दवा के लिए अस्पताल से बाहर न जाना पड़े।

डीएम ने दवाओं की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को दवाओं या उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बरसात के मौसम में संभावित संक्रामक रोगों को देखते हुए डीएम ने सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, उपकरण और जरूरी इंतजाम पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रामक रोगों से बचाव एवं उपचार की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अस्पतालों की स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही कमियों को समय रहते दूर करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

चिकित्सा प्रबंधन समिति ने मरीजों के हित और अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों पर आवश्यक निर्णय लेते हुए स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नैनीताल डॉ. सरस्वती खेतवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, पीएमएस डॉ. द्रोपदी गर्ब्याल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रामनगर डॉ. तपन कुमार शर्मा, एसटीओ कोषागार डीके अन्नू, सुभाष चंद्र सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles