spot_img
spot_img
Monday, June 15, 2026
spot_img

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस की समन्वय बैठक : एसएसपी का एलान, 27 से खनन वाहनों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस की समन्वय बैठक आज बाजपुर रोड स्थित आईजीएल फैक्ट्री काशीपुर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेंज के डीआईजी, एसपी और बिजनौर, मुरादाबाद रामपुर के एसपी और डीएम मौजूद रहे। इसी के साथ ही उत्तराखंड के कुमाऊं रेंज के डीआईजी और उधम सिंह नगर के एसएसपी बैठक में मौजूद रहे।

इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए कुमाऊं रेंज के डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू हो गई है और 2 अगस्त तक यह यात्रा चलती रहेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था को लेकर चुस्त दुरुस्त रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी भोले को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इसके लिए पुलिस को पूरी तरह से मुस्तैद रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि 27 जुलाई से सड़कों पर डायवर्जन होना अति आवश्यक है। ओवरलोडेड वाहनों पर 27 जुलाई से दिन में पूर्ण तरीके से प्रतिबंध रहेगा।

वहीं, मुरादाबाद रेंज के डीआईजी के मुनिराज ने कहा कि दिल्ली से चलकर हरिद्वार को जाने वाले कांवड़ यात्री का रोड डायवर्जन किया जाएगा। ओवरलोडेड वाहनों को दूसरे स्थानों से रवाना किया जाएगा। जिस रोड पर कांवड़िया गंगा जल लेने हरिद्वार जा रहे होंगे उन रोडों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसी के साथ ही जो भी कांवड़िया उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश में अपने गंतव्य की ओर जाएगा उस रास्ते को भी चुस्त दुरुस्त किया जाएगा। उस रास्ते पर किसी भी लोडेड वाहन से गुजरने नहीं दिया जाएगा।

वहीं, एसएसपी उधम सिंह नगर मंजूनाथ टीसी ने उधम सिंह नगर के सभी चौकियों थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर गंतव्य की ओर जा रहे कांवड़ियों के लिए विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। 27 जुलाई से खनन से भरे वाहनों पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि 2 अगस्त को श्रावण मास का अंतिम दिन है, उसी दिन कांवड़िया गंगाजल चढ़ाएंगे, इसको लेकर सभी पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने की जरूरत है।

बैठक में उधम सिंह नगर जिले के समस्त थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

- Advertisement -spot_img

Latest Articles