spot_img
spot_img
Wednesday, July 1, 2026
spot_img
Home Blog Page 12

काशीपुर: महिला ने लगाये चकबंदी विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों व अन्य पर गंभीर आरोप

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : एक महिला ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल कर चकबंदी विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों व अन्य लोगों पर उसके साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

ग्राम मानपुर, अनन्या हॉस्पिटल के पास, पर्वर्तीय नगर कालोनी निवासी कुलवन्त कौर पत्नी कुलदीप सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह अपने 4 साल के पुत्र गुरबाज सिंह की सगी माता और संरक्षिका है। उसके पुत्र के नाम ग्राम बगवाड़ा, काशीपुर में .405 हैक्टेयर कृषि भूमि है जो कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 734 के मुरादाबाद ठाकुरद्वारा काशीपुर के निर्माण/चौड़ीकरण में अधिगृहीत की गयी थी।

कुलवन्त कौर ने बताया कि विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी रुद्रपुर द्वारा भूमि के अधिगृहण से सम्बन्धित कोई नोटिस जारी नहीं किया गया था तब उन्होंने इस सम्बन्ध में प्रार्थनापत्र दिनांक 16.05.2024 व 27.05.2024 एवं 09.12.2024 को प्रस्तुत किये थे और भूमि की पुनः पैमाइश करने की माँग की गयी थी, जिसके सम्बन्ध में उन्होंने विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी कार्यालय में दिनांक 13.02.2025 को प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।

कुलवन्त कौर ने बताया कि चकबन्दी अधिकारी काशीपुर, सहायक चकबन्दी अधिकारी काशीपुर, लेखपाल क्षेत्र ग्राम बगवाड़ा तहसील काशीपुर तथा अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी चकबन्दी कार्यालय काशीपुर, सहखातेदार कुलविन्दर सिंह पुत्र हरवंश सिंह, संदीप सिंह पुत्र हरवंश सिंह तथा हरवंश सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासीगण मानपुर, काशीपुर ने अपराधिक षडयंत्र रचकर धोखाधड़ी कर उनकी भूमि के मूल्यांकन आवेदन पर फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेजों पर कूटकरण कर एक सोची समझी साजिश कर अपराधिक कार्य किया है ।

उन्होंने बताया कि दिनांक 11.12.2024 को विशेष भूमि अध्यापित अधिकारी रुद्रपुर को चकबन्दी अधिकारी काशीपुर द्वारा पत्रावली प्रेषित की गयी थी। वह यह सब देखकर हैरान हो गयी तथा अपनी होश से बेसुध हो गयी। उक्त विपक्षीगण के विरुद्ध कार्यवाही किया जाना अति आवश्यक है।

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सामन्त के हवाले की गई है।

नक्शे के हिसाब से नहीं किया निर्माण तो होगी कार्रवाई : बीडी तिवारी

0

देहरादून (महानाद) : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी (बीडी तिवारी) ने भवनों के लेआउट (नक्शा) और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के नक्शों में अधूरी जानकारी देने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। एमडीडीए ने आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन तथा ड्राफ्ट्समैन एसोसिएशन को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि भवनों व ग्रुप हाउसिंग के नक्शों में मौके पर मौजूद पेड़ों, हाइड्रेशन लाइन, नालों, रेलवे लाइन और पहले से मौजूद संरचनाओं का पूरा विवरण दिखाना अनिवार्य होगा।

आपको बता दें कि एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी (बीडी तिवारी) ने उक्त निर्देष जारी कते हुए कहा है कि प्राधिकरण के पास आने वाले अधिकतर नक्शों में केवल ग्रीन एरिया दर्शाया जाता है, लेकिन मौके पर मौजूद पेड़ों की संख्या, उनका प्रकार, हाइड्रेशन लाइन, नाला, रेलवे लाइन व अन्य संरचनाओं का उल्लेख नहीं किया जाता। इससे प्राधिकरण को वास्तविक स्थिति का आकलन करने में कठिनाई होती है।

उपाध्यक्ष बीडी तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में सभी प्रस्तावित नक्शों में स्थल पर मौजूद पेड़ों की संख्या और प्रजाति स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। वहीं, ग्रुप हाउसिंग और तलपट मानचित्रों में सड़क एवं पहुंच मार्गों के दोनों ओर पार्किंग क्षेत्रों में वृक्षारोपण की व्यवस्था भी दर्शाई जानी चाहिए। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वृक्षारोपण का प्रस्ताव भी नक्शे का हिस्सा बनाना होगा।

एमडीडीए उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि नक्शा प्राप्त होने के बाद प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी मौके का मुआअना करेंगे। यदि नक्शे में दी गई जानकारी और मौके पर हो रहे निर्माण कार्य में अंतर पाया गया तो संबंधित नक्शे को तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा तथा नक्शा पेश करने वाले को भविष्य में प्राधिकरण में मानचित्र जमा करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जायेगा।

काशीपुर में पहली बार आईवीयूएस तकनीक से सफल हृदय उपचार, 32 साल के मरीज को मिला नया जीवन

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : सहोता सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो एंड रोबोटिक सेंटर, काशीपुर में हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। अस्पताल में पहली बार Intravascular Ultrasound (IVUS) तकनीक की सहायता से एक जटिल हृदय प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई।

यह प्रक्रिया आगरा के 32 साल के मरीज पर की गई, जो बेहतर उपचार की उम्मीद में काशीपुर आया था। मरीज को हृदय संबंधी समस्या के कारण विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता थी। विस्तृत जांच के बाद उपचार टीम ने आईवीयूएस तकनीक का उपयोग करते हुए रक्त वाहिका की अंदरूनी स्थिति का सटीक मूल्यांकन किया और सफल उपचार किया।

इस जटिल प्रक्रिया का नेतृत्व वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आशाक हुसैन खांडे ने किया। उन्होंने बताया कि आईवीयूएस एक अत्याधुनिक तकनीक है, जिसके माध्यम से हृदय की रक्त वाहिकाओं के भीतर की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इससे स्टेंट की सही लंबाई, आकार और स्थिति का निर्धारण अधिक सटीकता से किया जा सकता है, जिससे मरीज को बेहतर परिणाम मिलते हैं।

अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. रवि सहोता एवं डॉ. गुरपाल सिंह सहोता ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सहोता अस्पताल का उद्देश्य काशीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। आईवीयूएस जैसी उन्नत तकनीक का उपलब्ध होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

अस्पताल की ऑपरेशन्स डायरेक्टर तनवीर गुरपाल सहोता ने कहा कि अस्पताल लगातार नवीनतम तकनीकों और विशेषज्ञ सेवाओं को मरीजों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर डॉ. नवप्रीत कौर सहोता, डॉ. विक्रम तोमर, डॉ. ज़ैद, डॉ. गर्विता सिंह अग्रवाल, डॉ. भारत भूषण, डॉ. अमित मौर्य, डॉ. शत्रुंजय तथा डॉ. नितिन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आईवीयूएस तकनीक के उपयोग से जटिल हृदय रोगों के उपचार में और अधिक सटीकता आएगी तथा मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित परिणाम प्राप्त होंगे। यह उपलब्धि काशीपुर में आधुनिक हृदय चिकित्सा सेवाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

काशीपुर में मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा, शातिर चोर कबाड़ी के साथ गिरफ्तार

0

विकास अग्रवाल
काशीपुर (महानाद) : पुलिस ने काशीपुर के तीन मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी के साथ गिरफ्तार कर मंदिरों से चोरी किया सामान, दान पात्र व नकदी बरामद कर ली। वहीं अभी चोर के दो साथी फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

आपको बता दें कि काशीपुर क्षेत्र में दिनांक 26-5-2026 की रात्रि में नागन शक्ति मंदिर, दिनांक 31-05-2026 की रात्रि में नागनाथ मंदिर व गंगे बाबा मंदिर में अज्ञात चोर द्वारा सनसनीखेज तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया। उक्त संबंध में कोतवाली काशीपुर में नागनाथ मंदिर के पुजारी गणेश नाथ महंत, गंगे बाबा मंदिर के संरक्षक राजेश शर्मा तथा नागन शक्ति मंदिर के सचिव अभिषेक काम्बोज द्वारा तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। जिसके आधार पर धारा 305(डी) बीएनएस के तहत मुकदमें दर्ज किये गये।

मंदिरों में हुई लगातार हुई चोरी की उक्त घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा टीम का गठन कर घटनाओं अनावरण करने निर्देश दिया गया था। जिस क्रम में एसपी स्वप्न किशोर सिंह एवं सीओ प्रशांत कुमार के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।

चोरी की इन घटनाओं के अनावरण हेतु गठित टीम द्वारा करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगालने, इसके अतिरिक्त सर्विलांस/मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर दिनांक 6.6.2026 को शातिर चोर तालिब हुसैन को चोरी के माल के साथ व चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ नौगजा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसके द्वारा पूछताछ में उक्त चोरी अपने साथियों सन्नी, मोइन निवासी रामनगर के साथ करने तथा मंदिर से चोरी किया गया माल कबाड़ी जलीस निवासी गड्ढा कॉलोनी, कचनालगाजी, काशीपुर को बेचना बताया।

इसके पश्चात शातिर चोर तालिब की निशानदेही पर कबाड़ी जलीश को मंदिर से चोरी गये सामान के साथ कबाड़ के दुकान से गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

शातिर चोर तालिब हुसैन वर्ष 2022 में थाना रामनगर से भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जिससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। तथा उसके खिलाफ पंजीकृत अन्य अभियोगों का भी पता लगाया जा रहा है।

बरामदगी –
नकदी 15420 रुपये, 2 नाग प्रतिमा, 2 कलश, एक पीले रंग का गदा, तीन अदद त्रिशूल, गुंबद में लगने वाले पीले धातु के दो कलश, 17 घंटिया।

नाम पता गिरफ्तार अभियुक्तगण –
1. तालिब हुसैन (25 वर्ष) पुत्र इरफान अली निवासी रेलवे लाइन, रेलवे पड़ाव, रामनगर, जिला नैनीताल।
2. जलीश अहमद (33 वर्ष) पुत्र शब्बीर अहमद निवासी कुमाऊं कॉलोनी, कचनालगाजी, काशीपुर।

पुलिस टीम में कोतवाल हरेन्द्र चौधरी, एसएसआई नवीन बुधानी, कटोराताल चौकी प्रभारी एसआई मीना रावत, एएसआई प्रकाश बोरा, कां. दर्शन सिंह, गौरव सनवाल, महेन्द्र देवड़ी, पुलिस सहयोगी माजिद, राहुल तथा विक्की शामिल थे।

जसपुर के पतरामपुर में विद्युत अधिकारी सोते रहे, चोर तार काटकर ढोते रहे

0

पराग अग्रवाल
जसपुर (महानाद) : पतरामपुर ग्रामीण क्षेत्र से रात्रि के दौरान 11000 वोल्टेज की लगभग 400 मीटर विद्युत लाइन चोरी हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरु कर दी है।

आपको बता दें कि कल दिनांक 5 जून 2026, शुक्रवार की रात्रि को जसपुर क्षेत्र के गांव मिलक सीपका से पतरामपुर होते हए भोगपुर डाम तीरथ नगर की ओर जाने वाली 11000 हाई वोल्टेज की लगभग 400 मीटर चालू लाइन की तार को अज्ञात चोर चुरा ले गए। तार चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीओ विद्युत पतरामपुर शैलेंद्र सैनी ने बताया कि विद्युत तार चोरी होने की शिकायत उन्होंने उच्च विभागीय अधिकारी एवं पुलिस को लिखित रूप में दी है।

नेशनल पुलिस सेवा संस्थान फाउंडेशन रिस्पेक्ट पुलिस के सदस्य भोगपुर डाम निवासी गुरनाम सिंह ने एसडीएम जसपुर राहुल शाह को प्रार्थना पत्र देकर विद्युत लाइन की चोरी का पता लगाने व विद्युत लाइन पुनः जुड़वाने की मांग की है।

एसडीएम ने विद्युत वितरण खंड जसपुर के अधिशासी अभियंता गोविंद सिंह कार्की को बिजली लाइन चोरी के मामले में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तार चोरी हो जाने के बाद उस क्षेत्र की बिजली गुल है, ग्रामीण परेशान हैं, विद्युत अधिकारी मौन साधे हुए हैं।

इसे लापरवाही ही कहा जाएगा कि 11000 हाई वोल्टेज की चलती लाइन से अज्ञात चोर तार काटकर चुरा ले गए और कई घंटे बाद सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने कार्यवाही की शुरुआत की।

यहां बता दें कि 11000 वोल्ट (11 केवी) की हाई-टेंशन बिजली लाइन से तार चोरी होना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है, जो न सिर्फ कानूनी रूप से भारी मुसीबत खड़ी करता है बल्कि जान के लिए भी बेहद खतरनाक है। अक्सर चोर बिजली बंद होने का फायदा उठाकर या शटडाउन लेकर तांबे या एल्युमिनियम के कीमती तार काट ले जाते हैं। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हल्द्वानी : अमेजन के गोदाम में लगी आग, दो की मौत

0

हल्द्वानी (महानाद) : रामपुर रोड स्थित अमेजन के गोदाम में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आपको बता दें कल दिनांक 5 जून, 2026 की रात्रि लगभग 11ः50 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि हल्द्वानी क्षेत्र के रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेजन के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई है।

सूचना प्राप्त होते ही थाना हल्द्वानी पुलिस बल और हल्द्वानी अग्निशमन (फायर सर्विस) की टीमें बिना किसी देरी के तत्काल मौके पर पहुंचीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कत्याल एवं कोतवाल विजय मेहता मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली।

गोदाम में आग काफी भीषण थी। पुलिस और फायर सर्विस की टीमों ने अत्यंत सूझबूझ और संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया और उसे बुझाया। आग बुझाने के पश्चात जब गोदाम के भीतर गहन सर्च अभियान चलाया गया, तो वहां कार्यरत दो व्यक्तियों की गंभीर रूप से झुलसने तथा अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से दुःखद मृत्यु होने का मामला प्रकाश में आया। मृतकों का विवरण निम्नवत है –
1. नरेन्द्र प्रसाद (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र सदी राम, निवासी-बागजाला, गोलापार।
2. अमित आर्य (उम्र लगभग 25 वर्ष), पुत्र प्रताप राम, निवासी-पंचायत घर के पास, रामपुर रोड, हल्द्वानी।

पुलिस द्वारा दोनों मृतकों के शवों को वैधानिक कार्रवाई हेतु तत्काल अस्पताल भिजवा दिया गया है। घटना के संबंध में अन्य आवश्यक कानूनी कार्यवाही तथा आग लगने के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। वर्तमान में मौके पर स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

मुख्यमंत्री की प्राथमिकता बना कार्लीगाड़ पुनर्वास, 15 दिनों में मलबा हटाने और पुनर्वास कार्य पूरा करने का लक्ष्य…

0

देहरादून, 05 जून। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सहस्त्रधारा स्थित आपदा प्रभावित कार्लीगाड़ क्षेत्र में राहत, पुनर्वास और संरक्षण कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और मलबा निष्पादन के लिए मशीनरी, मानव संसाधन और अन्य आवश्यक संसाधनों में व्यापक वृद्धि की है।

मुख्यमंत्री ने कार्लीगाड़ क्षेत्र के पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य प्रभावित परिवारों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराते हुए राहत, पुनर्वास और संरक्षण संबंधी सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करना है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री के साथ कार्लीगाड़ का स्थलीय निरीक्षण कर पुनर्वास और मलबा हटाने के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आपदा के कारण क्षेत्र में जमा भारी मात्रा में मलबे को हटाने के लिए आगामी 15 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है। साथ ही भविष्य में संभावित नुकसान से बचाव के लिए मलबे का वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइजेशन करने और प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं स्थायी पुनर्वास के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जोखिम वाले क्षेत्रों में रह रहे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे भविष्य में जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका को कम किया जा सके।

राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए खनन विभाग ने दो अतिरिक्त पोकलेन और जेसीबी मशीनें तैनात की हैं, जबकि डंपरों की संख्या बढ़ाकर सात कर दी गई है। वहीं सिंचाई विभाग ने नदी के चैनलाइजेशन कार्य के लिए दो अतिरिक्त पोकलेन मशीनें लगाई हैं। इससे मलबा हटाने और नदी प्रवाह को व्यवस्थित करने के कार्यों में उल्लेखनीय गति आई है।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर कार्लीगाड़ क्षेत्र में मलबा निष्पादन, नदी चैनलाइजेशन और पुनर्वास कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके और क्षेत्र को भविष्य की आपदाओं के प्रति अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी…

0

देहरादून, 5 जून। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास योजनाओं, पर्यटन सुविधाओं, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत संरचना विकास के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में पूर्णागिरि मेले के लिए सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण हेतु 8.54 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही मानस मंदिर माला मिशन के अंतर्गत श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 4.91 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।

जनपद पौड़ी गढ़वाल स्थित पर्यटक आवास गृह खिर्सू के नवीनीकरण एवं उच्चीकरण के लिए 4.01 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं जनपद उत्तरकाशी के विधानसभा क्षेत्र पुरोला के न्याय पंचायत मुख्यालय जखोली-फिताड़ी में श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु 1.09 करोड़ रुपये तथा विकासखंड नौगांव स्थित रंवाई घाटी के आराध्य देव श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए 1.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिला कारागार पौड़ी में नवीन आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।

इन स्वीकृतियों से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे के विकास, प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

काशीपुर के विकास को नई गति दे रही धामी सरकार, 25.19 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण…

0

 

काशीपुर/खटीमा, 05 जून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर क्षेत्र की 25.19 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर शहर को यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य शुरू किया जा रहा है। प्रथम चरण में स्टेडियम तिराहे को “ननकाना साहिब चौक” के रूप में विकसित करने हेतु 3.35 करोड़ रुपये तथा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये की लागत वाले कार्यों का शिलान्यास किया गया।

उन्होंने बताया कि 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी शुरुआत की गई है। इसके साथ ही काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ओपन जिम तथा उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर का लोकार्पण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक एवं मजबूत आधारभूत संरचना के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि काशीपुर कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। इसे और अधिक विकसित करने के लिए 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन किया जा चुका है। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग के फोरलेन निर्माण के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे शहर को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है। वहीं काशीपुर के ड्रेनेज सिस्टम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मास्टर प्लान पर कार्य किया जा रहा है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार “नो पेंडेंसी” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार केवल योजनाओं का शिलान्यास ही नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक वर्चुअल माध्यम से जुडे रहे।

जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे सरकार, शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करें अधिकारी: मुख्यमंत्री धामी

0

खटीमा, 05 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड हेलीपैड एवं कैंप कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक फलदार पौधे लगाने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद ऊधम सिंह नगर में विशेष अभियान चलाकर लगभग चार लाख पौधे लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, महामंत्री रमेश जोशी, अमित कुमार पांडे, रनदीप पोखरिया, भवानी भंडारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।